श्रद्धालु महिलाओं ने निकाली भव्य मंगल जल कलश यात्रा

- सहारनपुर में भव्य मंगल जल कलश यात्रा निकालती श्रद्धालु महिलाएं।
सहारनपुर [24CN]। श्री शिव मंदिर प्रबंधक कमेटी के तत्वावधान में चल रहे मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह के शुभारम्भ पर श्रद्धालु महिलाओं द्वारा भव्य मंगल जलकलश यात्रा निकाली गई। रोहित विहार स्थित शिव मंदिर में आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के शुभारम्भ पर भगवान श्री गणेश अम्बिका सहित पंचांग पीठस्थ देवताओं का पूजन किया गया। तत्पश्चात सौभाग्यवती महिलाओं द्वारा भव्य मंगल जल कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई पुन: मंदिर प्रांगण में पहुंचकर सम्पन्न हुई जहां आचार्य आशीष की अध्यक्षता में आचार्य भगवती प्रसाद कौठियाल, आचार्य शैलेंद्र कुलियान, पं. शिवम व पं. देवाशीष द्वारा मंत्रोच्चारण कर पूजन कराया गया। आचार्य आशीष ने बताया कि 16 अक्टूबर को मंडप पूजन व मूर्ति जलाभिषेक, 17 अक्टूबर को गणपति व मंडप पूजन तथा अन्नाधिवास व फलाधिवास, 18 अक्टूबर को मूर्ति अग्नि परिक्रमा व अग्नि स्थापना, 19 अक्टूबर को मूर्ति स्नान, न्यास व यज्ञ का आयोजन होगा तथा 20 अक्टूबर को मूर्ति स्थापना व पूर्णाहुति के बाद यज्ञ को विराम दिया जाएगा। तत्पश्चात विशाल भंडारा भी आयोजित किया जाएगा।