पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण से ही विकास संभव: वर्मा

पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण से ही विकास संभव: वर्मा
  • सहारनपुर में नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा।

सहारनपुर [24CN] । पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। दुनिया के मात्र छह देश जनसंख्या व क्षेत्रफल की दृष्टि से उत्तर प्रदेश से बड़े हैं, जबकि 195 देश उत्तर प्रदेश से छोटे हैं। इसलिए उत्तर प्रदेश का विभाजन जरूरी है। भगतसिंह वर्मा आज यहां पेपर मिल रोड पर पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यालय के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण किया जाए जिसके लिए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा दो दशक से लगातार संघर्ष कर रहा है।

मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी व वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि किसान, व्यापारी, दुकान, छात्र व युवा सभी के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी है। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक व रविंद्र चौधरी ने कहा कि 8 करोड़ जनसंख्या, 26 जिले, 6 मंडल, 27 लोकसभा क्षेत्र व 135 विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर बनने वाला पश्चिम प्रदेश देश ही नहीं दुनिया का सबसे उन्नतिशील, विकासशील व खुशहाल राज्य होगा।

उन्होंने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश में चिकित्सा और शिक्षा की सुविधाएं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की होंगी क्योंकि उत्तर प्रदेश बड़ा राज्य होने के कारण 24 करोड़ जनसंख्या गरीबी, महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व अव्यवस्था की शिकार है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे राज्यों के निर्माण से ही देश की उन्नति संभव है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुशील धारकी ने कहा कि हम पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण के लिए जीजान लगा देंगे। शीघ्र ही पूरे जिले में ब्लाक, तहसील और ग्राम स्तर पर कमेटियों का गठन कर पश्चिम प्रदेश निर्माण के संघर्ष को तेज किया जाएगा।

इस दौरान मुक्ति मोर्चा के व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष स. अरविंद्र सिंह लाम्बा, मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. अशोक मलिक, मंडल उपाध्यक्ष स. गुरविंद्र सिंह बंटी, मंडल महामंत्री वीरेंद्र सिंह बिल्लू, जिला संगठन मंत्री चौ. सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष वसीम जहीरपुर, जिला महामंत्री सुनील धीमान, राष्ट्रीय चमार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मेहरचंद नौटियाल, मुकर्रम प्रधान, प्रधान नीरज सैनी, प्रधान महबूब हसन, बुद्धू हसन, विक्की चौधरी, रविंद्र गिल, जगतार सिंह, संदीप चौधरी, सुमित वर्मा आदि मौजूद रहे।