डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश में हो रहा है विकास: बेनीवाल

- सहारनपुर में भाजपा की बैठक में क्षेत्रीय मोहित बेनीवाल का स्वागत करते पदाधिकारी।
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश विकास की ओर बढ़ चला है। इसका ताजा उदाहरण सहारनपुर जनपद में आये 30 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव हैं।
भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मोहित बेनीवाल आज दिल्ली रोड स्थित पार्टी जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में प्रदेश का माहौल बदला है। कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है तथा सड़कों का जाल बिछा है और इसी की नतीजा है कि जिस सहारनपुर को टापू की तरह देखा जाता था। आज इसी जनपद में लगभग 30 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव आये हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश के उद्योगपति आज प्रदेश में निवेश के लिये रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह निवेश शीघ्र ही जब धरातल पर उतरेंगे तो जनपद के विकास की एक नई तस्वीर दिखाई देगी।
उन्होंने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शारदा नगर क्षेत्र की 50 वर्ष पुरानी जल निकासी समस्या का समाधान किया है। आज ड्रैनेज सिस्टम का काम तेजी से चल रहा है तथा माँ शाकम्भरी देवी विश्वविद्यालय का निर्माण तेजी से चल रहा है और शीघ्र ही शिक्षण कार्य भी शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सब सम्भव हुआ है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कारण जिनकी सरकारों में किसी गुंडे व माफिया की हिम्मत नहीं है कि अपराध करने की सोच भी सके।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने सभी पदाधिकारियों से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में जनता के बीच जाएं और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में सभी को अवगत कराएं।
बैठक में भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, विधायक राजीव गुम्बर, देवेंद्र निम, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम, जिला प्रभारी डी. के. शर्मा, कोआपरेटिव बैंक चेयरमैन राजपाल सिंह जुड्डा, पूर्व सांसद राघवलखन पाल शर्मा, निवर्तमान महापौर संजीव वालिया, लोकसभा संयोजक विजेंद्र कश्यप, मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग सहित सभी विधानसभा प्रभारी, संयोजक व पदाधिकारी उपस्थित रहे।