shobhit University Gangoh
 

विकास प्राधिकरण का अब तक का सबसे बड़ा बुलडोजर अभियान

विकास प्राधिकरण का अब तक का सबसे बड़ा बुलडोजर अभियान
  • सहारनपुर में अवैध निर्माणों का ध्वस्तीकरण करता पीला पंजा।

सहारनपुर। अवैध प्लाटिंग और गैरकानूनी निर्माण करने वालों के लिए सहारनपुर विकास प्राधिकरण ने अब सख्त रुख अपना लिया है। प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। इसी क्रम में जोन-06 और जोन-08 में चलाए गए व्यापक बुलडोजर अभियान को शहर के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान माना जा रहा है।

विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतोष कुमार राय के मार्गदर्शन तथा सचिव विजय शुक्ला के सख्त नेतृत्व में यह कार्रवाई पूरी मजबूती के साथ अंजाम दी गई। जोन-08 में कलसिया रोड स्थित दर्रा इलाही मदरसे के सामने, ढमोला नदी से पहले दाहिनी ओर 90 वर्गमीटर भूखंड पर अमन कुमार द्वारा किए जा रहे लगभग 15 फीट ऊंची दीवारों के अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। वहीं जोन-06 में मौजा मवीखुर्द, रजवाहा पटरी पर ऋषि कुमार व अन्य द्वारा लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्र में बसाई जा रही अवैध कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

नकुड़ रोड पर सद्गुरु कबीर साधना केंद्र एवं राम मंदिर बोर्ड के सामने रमेश द्वारा 5,000 वर्गमीटर क्षेत्र में की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया। इसके अलावा फतेहपुरजट्ट क्षेत्र में नवादा रोड पर अब्दुल रऊफ द्वारा लगभग 15 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी के लिए बनाए जा रहे रास्तों को पूरी तरह मिटा दिया गया। सनसाइन स्कूल के सामने नवादा रोड पर अबरार, तालिब, तेजरियान और शाहबाज द्वारा बिना लेआउट स्वीकृति के हजारों वर्गमीटर भूमि में की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई में सहायक अभियंता वीरेश कुमार राना, अम्बरीश कुमार, अवर अभियंता शोएब आलम, धर्मवीर सिंह बंसल, प्रदीप कुमार गोयल सहित तकनीकी टीम एवं जेसीबी चालकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यह अभियान केवल चेतावनी नहीं, बल्कि अवैध कॉलोनाइजरों के लिए अंतिम अल्टीमेटम है। भविष्य में भी अवैध निर्माण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Jamia Tibbia

Leave a Reply