यूपी में कब होंगे पंचायत चुनाव? डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने दे दी जानकारी
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने फतेहपुर से विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है, इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया है. आपको बता दें कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक फतेहपुर में रेड क्रॉस सोसाइटी बिल्डिंग का उद्धघाटन करने के लिए पहुंचे थे.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रेड क्रॉस सोसाइटी बिल्डिंग का उद्धघाटन करते हुए मंच से विपक्षियों पर हमला बोलते हुए कहा कि, ‘जब विपक्षी जीतते हैं तो कहते हैं ईवीएम अच्छी है और जब हारते हैं तो कहते हैं कि ईवीएम खराब है. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव समय पर होगा, हमारी पूरी तैयारी है, मामला अदालत में विचाराधीन है.
ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर बोला हमला
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि, “सपा की सरकार में सपा वाले नारा लगाते थे कि ‘समाजवादी पार्टी का नारा है, खाली प्लाट हमारा है’.” उन्होंने कहा कि, “प्रदेश की जनता ने चार बार सरकार बनाने का अवसर दिया, तीन बार पापा को और एक बार तुमको.”
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षी दलों पर हमला तेज करते हुए कहा कि, सत्ता ट्रांसफर होते दो-तीन जगह हुए देखा है, जैसे तथाकथित गांधी परिवार का राजनीति से कुछ लेना-देना नहीं है. डिप्टी सीएम ने कहा कि, अभी यहां ओला पड़ रहे हैं वह 20 दिन की छुट्टी में नानी के यहां इटली, हिंदुस्तान के लोग परेशान हैं लेकिन वह विदेश घूम रहे हैं.
‘सत्ता कोई प्रॉपर्टी नहीं, जो ट्रांसफर हो जाए’
उन्होंने कहा कि सत्ता कोई ट्रांसफर प्रॉपर्टी एक्ट नहीं है कि वसीयत के आधार या माता-पिता के मृत्यु के आधार पर ट्रांसफर हो जाए यह जनता तय करती है. डिप्टी सीएम ने कहा कि, सपा के लोग अगर जाति धर्म पर वोट ना मांगे तो एक पार्षदी और प्रधानी तक नहीं जीत पाएंगे. केवल गठजोड़ के आधार पर जाति धर्म पर वोट मांगते हैं.
