शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के स्कूल ऑफ एजुकेशन विभाग और लोटस वर्ल्डवाइड रिसर्च फाउंडेशन, मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) ने शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

गंगोह [24CN] : शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के स्कूल ऑफ एजुकेशन विभाग और लोटस वर्ल्डवाइड रिसर्च फाउंडेशन, मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य संकाय विकास कार्यक्रम, सेमिनार और सम्मेलन, जर्नल प्रकाशन, कार्यशालाएं, पुस्तक प्रकाशन, ज्ञान एवं कौशल सुधार करना है, जिससे स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्रों और शोधार्थियों में ज्ञान एवं कौशल को विकसित किया जा सके।

शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के स्कूल ऑफ एजुकेशन विभाग के हेड एंड डीन प्रो.(डॉ.) प्रशांत कुमार द्वारा इस मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग पर हस्ताक्षर किए गए, तथा लोटस वर्ल्डवाइड रिसर्च फाउंडेशन, मैनपुरी उत्तर प्रदेश की ओर से चेयरमैन श्री कमल पांडेय द्वारा हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान स्कूल ऑफ एजुकेशन विभाग की ओर से डॉ. विनोद कुमार यादव शामिल रहे। इस सहयोग के माध्यम से दोनों संस्थानों का लक्ष्य समृद्ध शिक्षण अनुभव प्रदान करने के लिए अपने शैक्षणिक संसाधनों और बुनियादी ढांचे का लाभ उठाना है। समझौता ज्ञापन साझा सलाह, संसाधनों के आदान-प्रदान, सेमिनारों और संगोष्ठियों के माध्यम से नियमित अकादमिक बातचीत पर जोर देता है।

इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह एवं कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने इस समझौता ज्ञापन पर हर्ष व्यक्त करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी। कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह ने कहा कि यह साझेदारी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप छात्र विकास, शैक्षणिक उन्नयन तथा अनुसंधान उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह सहयोगात्मक शिक्षा और समग्र शैक्षणिक वातावरण को विकसित करने की दिशा में एक सकारात्मक एवं प्रगतिशील पहल है, जिससे न केवल दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को लाभ होगा, बल्कि व्यापक शैक्षणिक एवं अनुसंधान समुदाय भी इससे लाभान्वित होगा।


Leave a Reply