दिल्ली-यूपी में घना कोहरा, हिमाचल में हिमस्खलन तो उत्तराखंड में जोरदार बर्फबारी; कई मार्ग अवरुद्ध
नई दिल्ली। उत्तर भारत में इन दिनों मौसम ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा और कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन को प्रभावित किया हुआ है, जबकि हिमाचल प्रदेश में हिमस्खलन का खतरा मंडरा रहा है और उत्तराखंड में जोरदार बर्फबारी से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।
दिल्ली-यूपी में सुबह के समय घना कोहरा छाया
दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है, जिससे दृश्यता काफी कम हो जाती है और सड़क, रेल व हवाई यातायात प्रभावित होता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने यहां शीतलहर की चेतावनी जारी की है। न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है, जबकि अधिकतम 17-20 डिग्री तक रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में भी कई जिलों जैसे लखनऊ, नोएडा, सहारनपुर आदि में घना कोहरा और शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। पश्चिमी और मध्य यूपी में सुबह-शाम कोहरा ज्यादा गहरा रहता है, जिससे ठंड और भी तीव्र महसूस हो रही है।
हिमाचल में चंबा जिले के भरमौर और पांगी में तीन स्थानों पर हिमस्खलन हुआ है। यहां मंगलवार देर रात हुए हिमस्खलन से तीन दुकानें व दो पिकअप वाहन दब गए। हादसे के समय दुकानों और वाहनों में कोई नहीं था। दुकानों के चारों ओर बर्फ, पत्थर और कीचड़ का ढेर लग गया है।
सिरमौर जिले के हरिपुरधार में बर्फ पर फिसल कर पर्यटकों की कार खेत में गिर गई। हादसे में हरियाणा के पंचकूला निवासी जगपाल की मौत हो गई। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी से भूस्खलन के कारण चट्टान चलती स्कार्पियो कार पर गिर गई।
हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया व चालक को मामूली चोटें आई हैं। मनाली में पुलिस जवानों ने जगह-जगह फंसे पर्यटक वाहनों को निकालवाया। वहीं, सोलंगनाला की ओर गए लगभग 400 पर्यटक वाहन नाग मंदिर के पास फंस गए। हालांकि, सभी वाहन सुरक्षित निकल गए। उत्तराखंड में पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं।
धनोल्टी, औली, बुरांसखंडा, काणाताल, टिहरी में पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई हैं। बर्फबारी के चलते राज्य में दो दर्जन से अधिक संपर्क मार्ग बर्फबारी से बाधित हुए हैं। केदारनाथ में तीन से चार फीट बर्फ जमी है। धाम की सुरक्षा में तैनात आइटीबीपी व पुलिस के जवान आवासीय भवनों बर्फ हटाने में जुटे हैं।
राज्य के कई क्षेत्रों में पेयजल व विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। सीमा सड़क संगठन व लोक निर्माण विभाग की टीम बर्फबारी से अवरुद्ध मार्गों को खोल रही है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी व वर्षा के आसार हैं।
जम्मू-कश्मीर हाईवे आंशिक रूप से खुला, फंसे वाहन निकाले
जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी और फिसलन के कारण दो दिन से बंद जम्मू-श्रीनगर हाईवे बुधवार को आंशिक रूप से खोल दिया गया और रास्ते में फंसे वाहनों को निकाला गया। वहीं, एक दिन पहले सभी उड़ानें रद रहने के बाद मौसम में सुधार आते ही श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हवाई सेवा फिर बहाल हो गई। इस बीच, किश्तवाड़ जिला के हस्ती पुल के पास भारी भूस्खलन में दर्जनों मवेशी दब गए, हालांकि चरवाहों का समूह बाल-बाल बच गया।
वहीं, कुलगाम में अपनी कार में हीटर लगाकर सो रहे एक 32 वर्षीय युवक की दम घुटने से मौत हो गई। कश्मीर के गांदरबल जिला के सोनमर्ग पर्यटन स्थल पर मंगलवार रात करीब 10:30 बजे भारी हिमस्खलन हुआ। बर्फ कुछ घरों और होटलों में घुस गई और वहां खड़ी कई गाडि़यों को भी नुकसान पहुंचाया। हिमस्खलन के कारण किसी की जान नहीं गई है।
यूपी, पंजाब और हरियाणा में कई जगह ओलावृष्टि
पश्चिम उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। पूर्व उत्तर प्रदेश, 30-95 किमी प्रति घंटे की रफ्तार सेतेज हवा चली। पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा व राजस्थान में कुछ स्थानों पर घने से बहुत घना कोहरा छाया रहा। यहां कई जगज दृश्ता 50 मीटर दर्ज की गई।
मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान पंजाब के अमृतसर में 3.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा 31 जनवरी से 02 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है। इससे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के साथ ही देश के उत्तर पश्चिम हिस्से के प्रभावित रहने की संभावना जताई गई है।
