दिल्ली-NCR में घने कोहरे की चादर, गुरुग्राम में 10 मीटर रह गई विजिबिलिटी; कई इलाकों में AQI 350 के पार

दिल्ली-NCR में घने कोहरे की चादर, गुरुग्राम में 10 मीटर रह गई विजिबिलिटी; कई इलाकों में AQI 350 के पार

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी सहित एनसीआर क्षेत्र में बुधवार की सुबह घने कोहरे की चादर छाई हुई है। इससे विजिबिलिटी के स्तर में काफी कमी आई है, जिससे सड़क से लेकर हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। घने कोहरे से सड़कों पर गाड़ियों के रफ्तार पर ब्रेक लगा है।

उधर, गुरुग्राम में लगातार चौथे दिन कोहरे का असर देखने को मिला है। घना कोहरा छाए होने से विजिबिलिटी का स्तर 10 मीटर से भी कम दर्ज किया गया। इससे सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई।

हाईवे और अंदरूनी मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। साथ ही तापमान में गिरावट से सर्दी और बढ़ी है। वहीं, दिल्लीवासियों को प्रदूषित हवा से राहत मिलती नजर नहीं आ रही। आज भी दिल्ली की हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है।

‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंची दिल्ली की हवा

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, बुधवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 312 दर्ज किया गया, बहुत खराब श्रेणी में आता है। राजधानी के कई इलाकों में यही हालात हैं। हालांकि मंगलवार को भी दिल्ली की वायु गुणवत्ता ”खराब” श्रेणी में ही दर्ज की गई, लेकिन 17 जगहों पर एक्यूआई 300 से अधिक दर्ज किया गया जो ”बहुत खराब” श्रेणी में आता है।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच हवा की गति कम होने के चलते वायु गुणवत्ता ”खराब” श्रेणी में ही रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई 272 दर्ज किया गया था। सोमवार को यह 210 दर्ज किया गया था। यानी 24 घंटे के दौरान इसमें 62 अंकों की वृद्धि देखने को मिली।

किस इलाके में कितना है एक्यूआई?

इलाका AQI
आनंद विहार 376
बवाना 329
बुराड़ी 312
चांदनी चौक 358
द्वारका 345
आईटीओ 334
जहांगीरपुरी 382
विवेक विहार 359
नरेला 252
मुंडका 381
रोहिणी 355
नोएडा 297
ग्रेटर नोएडा 282
गाजियाबाद 337
गुरुग्राम 244

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 को ‘संतोषजनक’, 101 और 200 को ‘मध्यम’, 201 और 300 को ‘खराब’, 301 और 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।