विद्युत विभाग के अधिकारियों पर अवैध वसूली का लगाया आरोप, धरना-प्रदर्शन
- सहारनपुर में नागल बिजलीघर पर नारेबाजी करते किसान।
नागल। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने विद्युत विभाग द्वारा की जा रही छापामारी के विरोध में नागल बिजलीघर पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की।
भाकियू अराजनीतिक से जुड़े किसान विद्युत विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी से क्षुब्ध होकर नागल स्थित बिजलीघर पर पहुंचे जहां एसडीओ व जेई के न मिलने पर किसानों ने जमकर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। धरने को सम्बोधित करते हुए ब्लाक अध्यक्ष मूसा प्रधान ने कहा कि उपखंड अधिकारी तथा अवर अभियंता द्वारा गांवों में पुलिस बल के साथ पहुंचकर उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। गांव-देहात में रहने वाले गरीब व मजदूर वर्ग को एफआईआर का डर दिखाकर उनसे अवैध वसूली की जा रही है जो किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसान नेता योगेंद्र सिंह पप्पू ने कहा कि जब तक विद्युत विभाग के अधिकारी छापेमारी बंद कर इस सम्बंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं देते तब तक धरना जारी रहेगा। धरने में तैयबपुर बड़ा के राजीव प्रधान, कपूरी गोविंदपुर के प्रधान कन्हैया, फलौदा रहमतनपुर के विकास प्रधान व नन्हेड़ा टीपटान के मोनू प्रधान ने भी गांव में विद्युत विभाग के अध्कारियों द्वारा पुलिस बल के साथ पहुंचकर ग्रामीणों में भय दिखाकर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया।
इस दौरान प्रिंस चौधरी, बिरमपाल, इंतखाब, इंतजार, वसीम, शहजाद, नोमान, खालिद, फैसल प्रधान, मरगूब, राजवीर, भूरा, प्रेमसिंह, तासीन आदि मौजूद रहे।
