जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन रक्षक का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
- सहारनपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन देते भाकियू रक्षक के पदाधिकारी।
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन रक्षक के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ओहलान के नेतृत्व में सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक कर क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं एवं जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर जिलाधिकारी सहारनपुर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने नागल बस स्टैंड पर फ्लाईओवर न होने से हो रही लगातार दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। बताया गया कि फ्लाईओवर के अभाव में अब तक सैकड़ों दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें अनेक लोगों की जान जा चुकी है। संगठन ने जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र फ्लाईओवर निर्माण की मांग की। इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन रक्षक ने न्ळब् (यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन) कानून का कड़ा विरोध करते हुए प्रधानमंत्री से इस कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की।
संगठन का कहना है कि यह कानून समाज को बांटने वाला है और इससे जातिगत भेदभाव को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, बजाज शुगर मिल गंगनौली पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना का आरोप लगाते हुए कहा गया कि मिल द्वारा गन्ना किसानों का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। संगठन ने प्रशासन से शीघ्र गन्ना भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रविंद्र सैनी, प्रदेश प्रभारी सुनील राणा, जिला प्रभारी राहुल फौजी, अजीत सैनी, सरदार बलकार सिंह, अमित ओहलान, अमित शर्मा, अनिरुद्ध त्यागी, पुनीत चैधरी, बिल्लू त्यागी, सचिन जाट, मोहित चैधरी, शाह आलम, शाहनवाज सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
