जिला पूर्ति कार्यालय पर किया प्रदर्शन

जिला पूर्ति कार्यालय पर किया प्रदर्शन
  • सहारनपुर में जिला पूर्ति कार्यालय पर नारेबाजी करते राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बैनर तले उपभोक्ताओं ने राशन विभाग से सम्बंधित विभिन्न समस्याओं के विरोध में जिला पूर्ति कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष संजय वालिया के नेतृत्व में एकत्र होकर जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय पहुंचे तथा राशन उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष संजय वालिया ने कहा कि एक तरफ तो सरकार गरीबों को विगत कुछ माह से नि:शुल्क राशन वितरित कर रही है लेकिन कुछ पूर्ति निरीक्षक व डिपो होल्डर की मिलीभगत के चलते उपभोक्ताओं का राशन हजम करने का प्रयास किया जाता है। उनका आरोप था कि जिला पूर्ति विभाग में भ्रष्टाचार चरमसीमा पर पहुंच गया है। कर्मचारी व अधिकारी डिपो होल्डरों के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर सरकारी धन व खाद्यान्न का गबन करने का काम कर रहे हैं जिसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा।

उन्होंने सरसावा विकास खंड के गांव नवादा के राशन डीलर रामकला पर विभिन्न राशन कार्डों में शादीशुदा लड़कियों व मृतक यूनिटों का लाभ स्वयं हड़पने का आरोप लगाते हुए कठोर कार्यवाही की मांग की। प्रदर्शनकारियों में बिरमपाल, अजय कुमार, कयूम, नासिर, ठाठसिंह, महीपाल, वकील, धीरज सिंह, सिताब, शहजाद, अक्षय सैनी, विनीत, मो. शहजाद, रामपाल, हिमांशु सैनी, अरविंद सैनी सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।