लोकतंत्र सेनानियों ने किया जयप्रकाश नारायण का भावपूर्ण स्मरण

लोकतंत्र सेनानियों ने किया जयप्रकाश नारायण का भावपूर्ण स्मरण
  • सहारनपुर में लोकतंत्र सेनानियों के कार्यक्रम का दृश्य।

सहारनपुर [24CN]। लोकतंत्र सेनानी कल्याण परिषद से जुड़े लोकतंत्र सेनानियों ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया। कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानी कल्याण परिषद से जुड़े लोकतंत्र सेनानियों ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों व देश की रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए परिषद के जिला संयोजक व पूर्व विधायक सुखवीर सिंह पुंडीर व जिलाध्यक्ष बलदेवराज जोशी ने कहा कि देश में 1975 में इमरजेंसी लागू की गई थी और संविधान का गला घोंटकर तानाशाही शक्तियों ने पूरे देश को एक कैदखाना बना दिया था। ऐसे घोर अंधकार के समय में लोकतंत्र सेनानियों ने संविधान द्वारा प्रदत्त लोकतंत्र को बचाने के लिए कुर्बानियां दी थी। उन्होंने कहा कि तानाशाही के विरोध में जेल भरो आंदोलन भी चलाया गया था जिसके परिणामस्वरूप सरकार इमरजेंसी हटानी पड़ी थी और लोकतंत्र को बहाल करना पड़ा था।

महामंत्री प्रेमसिंह भंडारी ने कहा कि आज इस देश के लोकतंत्र को कोई खतरा होगा तो लोकनायक जयप्रकाश नारायण के लोकतंत्र सिपाही अपनी जान देने से पीछे नहीं हटेंगे। इस अवसर पर निसार सिद्दीकी, राजेंद्र अटल, अनवर खान, जमाल गौरी, खुर्शीद, तहसीन, अब्दुल समद, यूसुफ, अहमद जमाल, शौकत, इनाम आदि मौजूद रहे।