
रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने की मांग
- सहारनपुर में महापौर डा. अजय कुमार को मांग पत्र देते संस्थाओं के पदाधिकारी।
सहारनपुर। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने महापौर डॉ. अजय कुमार से मुलाकात कर रेलवे स्टेशन परिसर में संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की।
विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने महापौर को सौंपे पत्र में कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकारें संत-महापुरुषों के सम्मान, उनकी संस्कृति एवं विचारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर पंच तीर्थ विकास, रविदास घाट निर्माण, शुक्रताल तीर्थ विकास सहित अनेक योजनाएं इसका उदाहरण हैं। उन्होंने सहारनपुर रेलवे स्टेशन परिसर में तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा की स्थापना को भी सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया गया। उन्होंने कहा कि सहारनपुर नगर में अभी तक न तो संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी चैक के नाम से कोई स्थल है और न ही उनकी कोई भव्य प्रतिमा स्थापित है। इससे समाज की भावनाएं आहत होती हैं। इसलिए सहारनपुर रेलवे स्टेशन लकड़ी पुल के पास, रेलवे क्वार्टर तिराहा, लोको पायलट विश्राम गृह के समीप, उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन कार्यालय के सामने संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए ताकि जिससे संतों-महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना और सामाजिक एकता को बल मिले।
