चौ. चरणसिंह को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग

- सहारनपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते चौ. चरणसिंह विचार मंच के प्रदेश महासचिव नीरपाल सिंह।
सहारनपुर। चौधरी चरण सिंह विचार मंच के कार्यकर्ता सम्मेलन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर किसानों के मसीहा व पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह को भारत रत्न देने व उनके नाम पर दिल्ली में संग्राहलय बनाने की मांग की गई। स्थानीय दिल्ली रोड स्थित एक पैलेस में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए मंच के प्रदेशाध्यक्ष एम. एस. राणा ने कहा कि यदि फिर से चौ. चरणसिंह का युग लाना चाहते हो तो उनकी जीवनी को अपने जीवन में उतारो, उनका अनुसरण करो, उनके विचारों को अपनाओ। उन्होंने कहा कि चौ. चरणसिंह विचार मंच सक्रिय भूमिका निभाकर जनता के बीच चौ. चरणसिंह के संदेशों का प्रचार-प्रसार करेगा।
सम्मेलन के संयोजक व प्रदेश महासचिव चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार को तत्काल चौ. चरणसिंह को भारत रत्न प्रदान करना चाहिए क्योंकि यह करोड़ों किसानों की आवाज है। हम नहीं भूल सकते कि चौ. चरणसिंह ने ही अन्नदाताओं की पहचान पूरे विश्व में बनाकर किसानों को मान-सम्मान से जीना सिखाया। उन्हें न्याय व हक दिलाया। किसानों के ऐसे मसीहा को भारत रत्न मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि चौ. चरणसिंह वास्तव में ही किसानों व देश के रत्न थे। उन्होंने चौ. चरणसिंह के नाम पर दिल्ली में ऐतिहासिक और यादगार संग्रहालय बनाए जाने की भी मांग की।
चौ. इकबाल सिंह कवि ने कहा कि चौ. चरणसिंह की इस किसान रूपी को विरासत को बचा लो वरना ये बेरहम लोग इसे भी बेच डालेंगे। पवन सिंह राणा, सतपाल चौहान व चौ. अर्जुन सिंह ने कहा कि चौ. चरणसिंह किसानों की आत्माओं में बसते हैं। सम्मेलन को पूर्व विधायक वीरेंद्र ठाकुर, महानगर अध्यक्ष रिंकू सोनकर, चौ. पदम सिंह, चौ. चंद्रपाल सिसोली, चौ. तेजपाल बड़ौत, चौ. अनुज तोमर, सचिन चौधरी, भगतसिंह, नरेंद्र सिरोही, अरविंद मलिक, रजनीश चौहान, प्रीतम सिंह, चौ. सुदेश, आरती शर्मा, नरेश रानी, नीलू राणा, चौ. जगपाल, मनोज मलिक, अरविंद झबीरन ने भी सम्बोधित किया। सम्मेलन में आसपास के जिलों के अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।