मेट्रो परियोजना को सहारनपुर तक लाने की मांग

- सहारनपुर में केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान को ज्ञापन सौंपते व्यापारी सुरक्षा फोरम के पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने मंडल प्रभारी व सहारनपुर जिलाध्यक्ष नरेश धीमान के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान को ज्ञापन सौंपकर मेट्रो परियोजना को सहारनपुर तक लाए जाने की मांग की। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत व्यापारी फोरम के पदाधिकारी केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान के आवास पर पहुंचे तथा उन्हें अपनी मांग के सम्बंध में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए मंडल प्रभारी नरेश धीमान ने कहा कि मेट्रो रेल का कार्य मेरठ तक चल रहा है तथा मेरठ से सहारनपुर की दूरी मात्र 140 किलोमीटर है और सहारनपुर उत्तर प्रदेश का अंतिम जिला है। यहां का व्यापार दिल्ली से होता है। ऐसे में मेट्रो रेल सहारनपुर तक पहुंच जाए तो यहां का व्यापार उन्नति कर सकेगा तथा जनता को भी इसका लाभ मिलेगा।
मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष विश्वजीत गोयल ने कहा कि मेट्रो रेल परियोजना को सहारनपुर तक लाया जाना अति आवश्यक है जिससे सहारनपुर का व्यापार उन्नति की ओर बढ़ सकता है। जिला महामंत्री मनोज ठाकुर व महानगर अध्यक्ष प्रवीण छाबड़ा ने कहा कि संजीव बालियान के कार्यकाल में विकास को जो गति मिली है, वास्तव में वह सराहनीय है। हमें पूर्ण विश्वास है कि मेट्रो रेल परियोजना में रूचि लेते हुए इस कार्य को सम्पन्न कराने में अपनी मुख्य भूमिका अदा करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में सहारनपुर के युवा जिलाध्यक्ष रवि वैश्य समेत अन्य व्यापारी भी मौजूद रहे।