सांस लेने लायक नहीं दिल्ली की हवा, AQI 500 के पार, राजधानी के हर इलाके में छाई धुंध

सांस लेने लायक नहीं दिल्ली की हवा, AQI 500 के पार, राजधानी के हर इलाके में छाई धुंध
  • राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के शहरों की हवा गंभीर श्रेणी में बनी हुई है. जहां सांस लेना भी दूभर हो गया है. दिल्ली के सभी इलाकों में धुंध छाई हुई है और एक्यूआई 500 के पास निकल गया है.

New Delhi: दिल्ली की हवा पिछले 15 दिनों से जहरीली बनी हुई है. जिसमें सांस लेना भी दूभर हो गया है. राजधानी में चारों ओर आज भी धुंध छाई हुई है और हवा की गुणवत्ता का स्तर 500 के ऊपर निकल गया है. वहीं दिल्ली का कोई भी इलाका सांस लेने लायक नहीं बचा है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में आज (गुरुवार) सुबह वायु गुणवत्ता का स्तर (AQI) 504 के पार पहुंच गया है.

आनंद विहार में एक्यूआई 504 और जहांगीरपुरी में वायु की गुणवत्ता 437 हो गई है. वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में हवा की गुणवत्ता 415 और हरियाणा के फरीदाबाद में एक्यूआई 324 चल रहा है. इसके अलावा आरके पुरम में वायु गुणवत्ता 453 और पंजाबी बाग में 444 हो गई है. उधर आईटीओ पर एक्यूआई 441 हो गया है. इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में राजधानी में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है. ऐसा माना जा रहा है कि अगर बारिश होती है तो दिल्ली की हवा में सुधार हो सकता है.

दिल्ली के हर इलाके में एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में

बता दें कि राजधानी दिल्ली का एक्यूआई बुधवार को भी लगातार छठवें दिन ‘गंभीर’ श्रेणी में बना रहा. जिसके चलते दिल्ली का कोई भी इलाका सांस लेने के लायक नहीं रहा. बुधवार को राजधानी के ज्यादातर इलाकों में एक्यूआई 400 से ऊपर दर्ज किया गया. ऐसा माना जा रहा है कि फिलहाल दिल्ली के एक्यूआई में अगले दो दिनों तक कोई सुधार नहीं होने वाला.

दिल्ली के आसपास के शहरों की हवा भी बेहद खराब

दिल्ली ही नहीं बल्कि उसके आसपास के शहरों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है. जिसमें नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और मेरठ शामिल हैं. मंगलवार को हवा की गति में थोड़ा बढ़ोतरी होने की वजह से प्रदूषण का स्तर थोड़ा सा कम हुआ. लेकिन बुधवार को इसमें एक बार फिर से बढ़ोतरी देखने को मिली. बुधवार को जहां दिल्ली का एक्यूआइ 426 रहा रहा जो ‘गंभीर’ श्रेणी में था. वहीं मंगलवार को यह 395 मापा गया. जबकि चौबीस घंटे के भीतर एक्यूआई में 31 अंकों का इजाफा देखने को मिला.

इस दौरान राजधानी के सिर्फ चार इलाकों में ही वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से कम रहा.  हालांकि वहां का एक्यूआई भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा. फिलहाल एनसीआर के शहरों का एक्यूआइ गंभीर श्रेणी में चल रहा है. ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 478 तो वहीं गाजियाबाद 384 अंक रहा. जबकि नोएडा का एक्यूआई 405, गुरुग्राम 385, फरीदाबाद में एक्यूआई 425 अंक मापा गया. वहीं दिल्ली के जहांगीरपुरी 453, नेहरू नगर 456, पंजाबी बाग 464, आइटीओ 459 और सोनिया विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 444 रहा.