दिल्ली को मिलेगी गर्मी से राहत, दिनभर छाए रहेंगे बदल; हल्की बारिश की संभावना

नई दिल्ली । मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार और मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कहीं कहीं हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि रविवार को भी दिल्ली और एनसीआर में दिन भर तेज गर्मी और लू की स्थिति बनी रही। शाम तक भी मौसम में कोई बदलाव नहीं आया।
रविवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली में हवा में नमी का स्तर 21 से 57 प्रतिशत रहा। दिल्ली का सर्वाधिक गर्म इलाका स्पोर्टस काम्प्लेक्स रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को बादल छाए रहने की संभावना है। दिल्ली एनसीआर में हल्की बरसात हो सकती है। वहीं मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को तापमान में गिरावट के साथ गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।