सांता क्लॉज के ‘अपमान’ पर AAP के तीन बड़े नेताओं की बढ़ी मुश्किलें, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेताओं सौरभ भारद्वाज, संजय झा और आदिल अहमद खान के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई कनॉट प्लेस में आयोजित एक राजनीतिक स्किट के वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद की गई है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, 17 और 18 दिसंबर 2025 को इन नेताओं ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में क्रिसमस के पवित्र प्रतीक ‘सांता क्लॉज’ का उपयोग को मजाकिया और अपमानजनक तरीके से दिखाया गया है। वीडियो में ईसाई समुदाय के सम्मानित प्रतीक सांता क्लॉज को सड़क पर बेहोश होकर गिरते हुए दिखाया गया और उन्हें राजनीतिक संदेश देने के लिए एक प्रॉप (साधन) की तरह इस्तेमाल किया गया।
इतना ही नहीं, वीडियो में नकली CPR करते हुए सांता क्लॉज का मजाक उड़ाया गया, जिससे सेंट निकोलस और क्रिसमस पर्व की पवित्रता को ठेस पहुंचाने का दावा है।
ईसाई धर्म का अपमान?
शिकायत में कहा गया है कि यह सब जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से किया गया, ताकि ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत किया जा सके। एडवेंट के अंतिम दिनों में धार्मिक प्रतीक का इस तरह राजनीतिक इस्तेमाल करना ईसाई धर्म का अपमान माना गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक रूप से किसी धार्मिक प्रतीक का मजाक उड़ाना BNS की धारा 302 का उल्लंघन है। दिल्ली पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
