14 अप्रैल को हो सकता है दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, तैयारियां तेज
- सहारनपुर में बिहारीगढ़ स्थित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का दृश्य।
बिहारीगढ़/सहारनपुर। देश की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन आगामी 14 अप्रैल को होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण कर सकते हैं।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के भी शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। करीब 210 किलोमीटर लंबा यह 6-लेन एक्सप्रेस-वे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर देहरादून तक जाएगा, जिससे दिल्ली और उत्तराखंड के बीच यात्रा समय में काफी कमी आएगी। इस परियोजना के शुरू होने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की संभावना है। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सहारनपुर के गणेशपुर क्षेत्र में हेलीपैड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, साथ ही सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी आगमन को देखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि उद्घाटन समारोह को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद हैहाल ही में मंडलायुक्त सहारनपुर, डीआईजी, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
