नई दिल्ली। दिल्ली समेत समूचा उत्तर भारत भीषण ठंड और शीत लहर की चपेट में है। इस समय दिल्ली, हिल स्टेशनों से भी सर्द हो गई है। बृहस्पतिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक आ गया जबकि तीन स्थानों पर यह 2.2 से 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को डलहौजी का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला का 5.2 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा का 3.2 डिग्री सेल्सियस, शिमला का 3.7 डिग्री सेल्सियस, देहरादून का 4.6 डिग्री सेल्सियस, मसूरी का 4.4 डिग्री सेल्सियस और नैनीताल का 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

अगले तीन दिनों तक शीत लहर का रहेगा प्रकोप: मौसम विभाग

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन 5 से 7 जनवरी तक राजधानी के कुछ इलाकों में शीत लहर का प्रकोप बना रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास दर्ज हो सकता है। शीत लहर के साथ कोहरा भी परेशान करेगा। मौसम विभाग ने 5 से 7 जनवरी के बीच कोहरे और शीत लहर का येलो अलर्ट जारी किया है।

समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, पंजाब के बठिंडा शहर में भी घना कोहरे और शीत लहर के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बंठिडा के एक स्थानीय नागरिक ने बताया,बठिंडा में काफी कोहरा है। लोगों को कहीं आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।’

बेघर लोगों के लिए बनाए गए शेल्टर होम

राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ती शीतलहर के चलते राय काले खां रेलवे स्टेशन के पास बेघर लोगों के लिए शेल्टर होम का निर्माण किया गया है। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के सदस्य, विपिन राय ने बताया, ‘हमारे पास 197 स्थायी आश्रय गृह हैं। सर्दियों के दौरान, हम दिल्ली में लगभग 250 टेंट लगाते हैं। अब हमारे पास 190 कार्यात्मक टेंट हैं और 50 स्टैंडबाय मोड में हैं। गद्दे और कंबल के अलावा, हम रहने वालों को दिन में 3 बार भोजन भी प्रदान करते हैं।’

मौसम विभाग ने क्या दी जानकारी?

मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शीत लहर और ठंडे दिन की स्थिति अगले 24 से 48 घंटों तक जारी रहने की संभावना है। इसके बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में कुछ सुधार होगा। इस निमित्त यलो अलर्ट भी जारी है।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पहाड़ों पर नए साल तक जो बर्फबारी हुई है, उत्तर पश्चिमी हवाओं के जरिये उसी की ठंडक दिल्ली को सर्द बना रही है। अभी दो दिन और ऐसी ही शीत लहर व कोल्ड डे वाली स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद फिर चार पांच दिन राहत रहेगी और तापमान में थोड़ा इजाफा होगा।