दिल्ली विधानसभा बजट सत्र आज से शुरू, पहले दिन सीएम रेखा गुप्ता सदन में रखेंगी आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट

दिल्ली विधानसभा बजट सत्र आज से शुरू, पहले दिन सीएम रेखा गुप्ता सदन में रखेंगी आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र आज से आरंभ हो रहा है। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार मंगलवार को अपना दूसरा बजट पेश करेगी, जिसमें इस बार ग्रीन बजट की योजना है। पहले दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सदन में दिल्ली की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी।

यह सत्र 23 मार्च से 25 मार्च तक चलेगा, इसमें 24 मार्च को वार्षिक बजट पेश किया जाएगा। इस बार बजट की राशि एक लाख करोड़ से अधिक होने की संभावना है। बजट सत्र में इस बार उपराज्यपाल का अभिभाषण नहीं होगा।

सदन में प्रस्तुत की जाएंगी कैग रिपोर्ट

दरअसल, कुछ माह पहले हुए पिछले सत्र में उपराज्यपाल का अभिभाषण हो चुका है। बजट में ढांचागत विकास की योजनाओं पर विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है। दिल्ली के नागरिकों की नजरें इस बजट पर टिकी हुई हैं। सदन में कुछ कैग रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएंगी।

वहीं, विपक्ष भी सत्तापक्ष को घेरने के लिए रणनीति बनाने में जुटा है, जिससे बजट सत्र के हंगामेदार होने की संभावना है। बजट सत्र के पहले दिन विधायक शिखा राय द्वारा सदन में निंदा प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। यह प्रस्ताव लोकसभा में कुछ विपक्षी दलों द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए निष्कासन प्रस्ताव के विरोध में लाया जाएगा। इस पर सदन में चर्चा होने की उम्मीद है।

नवीनीकरण से संबंधित रिपोर्ट शामिल

दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने हाल ही में लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर चिंता व्यक्त की थी। सदन के पहले दिन कुछ कैग रिपोर्ट भी पटल पर रखी जाएंगी, जिनमें जल बोर्ड, दिल्ली के वित्त, राजस्व और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के नवीनीकरण से संबंधित रिपोर्ट शामिल हैं।

पिछले विधानसभा सत्र में आबकारी नीति में अनियमितताओं से संबंधित कैग रिपोर्ट के निष्कर्ष भी सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा, फांसीघर मामले को लेकर विशेषाधिकार समिति की फाइनल रिपोर्ट सदन रखी जा सकती है। सदस्य नियम 280 के तहत अपने क्षेत्र के मुद्दे भी उठा सकेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा है कि संसदीय परंपराओं का पालन करते हुए सदन को शांतिपूर्ण ढंग से चलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदन की गरिमा को प्रभावित करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।


Leave a Reply