उपश्रमायुक्त से मिला व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल
- सहारनपुर में उपश्रमायुक्त अनुपमा गौतम का स्वागत करते व्यापारी।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने उप श्रमायुक्त अनुपमा गौतम को ज्ञापन सौंपकर व्यापार मंडल द्वारा बाल श्रम के प्रति चलाए जा रहे जागरूकता अभियान से अवगत कराया जिसकी उपश्रमायुक्त श्रीमती गौतम द्वारा सराहना की गई। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शीतल टंडन के नेतृत्व में उपश्रमायुक्त श्रीमती अनुपमा गौतम को पुस्तक व अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि बाल श्रम के प्रति समाज के सभी वर्गों को अपनी संवेदनशीलता दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि बाल श्रम एक ऐसा सामाजिक अभिशाप है जो शहरों व गांवों में चारों मकडज़ाल की तरह बचपन को अपने आगोश में लिए हुए है। खेलने-कूदने के दिनों में कोई बच्चा श्रम करने को मजबूर हो जाए तो इससे बड़ी विडम्बना किसी भी समाज के लिए क्या हो सकती है।
उप श्रमायुक्त श्रीमती गौतम ने व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों व अन्य विषयों पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा सभी प्रकार के श्रमिकों के कल्याण के लिए योजनाएं चला रखी हैं। इस दौरान जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, राजीव अग्रवाल, कर्नल संजय मिड्ढा, दीपक कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत भी मौजूद रहे।
