पीडि़तों के परिजनों से मिला सपा व बसपा का प्रतिनिधिमंडल

पीडि़तों के परिजनों से मिला सपा व बसपा का प्रतिनिधिमंडल
  • सहारनपुर में पीडि़त परिवार से मिलने जाते बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान।

सहारनपुर [24CN]। सपा व बसपा के नेताओं ने पिछले जुमे की नमाज के बाद हुए प्रदर्शन के बाद खाताखेड़ी में बुल्डोजर की कार्रवाई से पीडि़त अब्दुल बासित व मुजम्मिल के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान, विधायक उमर अली खान व पूर्व मंत्री सरफराज खान आज यहां खाताखेड़ी क्षेत्र में बुलडोजर की कार्रवाई से पीडि़त अब्दुल बासित के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुजम्मिल के घर बुलडोजर की कार्रवाई सरासर गलत है क्योंकि वह किसी और के मकान में किराए पर रहता है। जबकि अब्दुल बासित का मकान काफी पुराना है। उन्होंने खाताखेड़ी की जैन कालोनी में ही कादिर, ताहिर और शाहरून के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। इन तीनों के बच्चे भी बेगुनाह होने के बावजूद जेल भेज दिए गए हैं।

बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि सर्वदलीय संघर्ष समिति बेगुनाहों की लड़ाई हर मोर्चे पर लडऩे का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जिन पुलिसकर्मियों ने कानून अपने हाथ में लेकर बच्चों की बेरहमी से पिटाई की है, उन सभी पुलिसकर्मियों की न्यायिक जांच कराकर उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए।