जिलाधिकारी से मिला सर्वदलीय समिति का प्रतिनिधिमंडल

जिलाधिकारी से मिला सर्वदलीय समिति का प्रतिनिधिमंडल
  • सहारनपुर में डीएम-एसएसपी से वार्ता करते सर्वदलीय समिति के पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। सर्वदलीय समिति से जुड़े जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी पर ऐतराज जताते हुए कहा कि गली-मौहल्लों की आपसी राजनीति से प्रेरित होकर किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

सर्वदलीय समिति के प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि विगत दिवस जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन को लेकर पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है जो निंदनीय है। उनका कहना था कि प्रदर्शन में जिन युवकों की गलत भूमिका रही है, उनकी गिरफ्तारी पर हमें कोई आपत्ति नहीं है परंतु गली-मौहल्लों की आपसी राजनीति से प्रेरित होकर किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सबसे पहले इस मामले की जड़ नुपूर शर्मा के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए जिसके आपत्तिजनक बयान की वजह से नौबत यहां तक पहुंची है और प्रदर्शन हो रहे हैं। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह व एसएसपी आकाश तोमर ने प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि किसी भी निर्दोष को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा परंतु दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान, विधायक उमर अली खान, पूर्व विधायक संजय गर्ग, पूर्व दर्जा मंत्री सरफराज खान, शहर काजी नदीम अख्तर, पूर्व दर्जा मंत्री मांगेराम कश्यप, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुजफ्फर चौधरी, सपा जिलाध्यक्ष रागिब अंजुम, रालोद जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम, स. चंद्रजीत सिंह निक्कू, फरहाद गाड़ा आदि शामिल रहे।