जाट समाज की पंचायत में लिया कुरीतियों को दूर करने का निर्णय

- सहारनपुर में जाट पंचायत को सम्बोधित करते चौ. नीरपाल सिंह।
सहारनपुर। जाट समाज की मंडलस्तरीय पंचायत में समाज में फैली कुरीतियों पर रोक लगाने व जाट बिरादरी को केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण दिलाने के लिए मुहिम तेज करने का निर्णय लिया गया। पंचायत में सर्वसम्मति से जागो जाट समाज के संरक्षक मंडल का भी गठन किया गया।
हकीकत नगर स्थित कार्यालय पर जाट नेता चौ. नीरपाल सिंह की अध्यक्षता में सहारनपुर मंडल के तीनों जिलों शामली, सहारनपुर व मुजफ्फरनगर के जाट प्रतिनिधियों की पंचायत में प्रत्येक माह दो बार ब्लाक स्तर पर जाट समाज के बड़े गांव में जाट पंचायत का आयोजन करने, पूर्व प्रधानमंत्री व किसानों के मसीहा चौ. चरणसिंह के आदर्शों तथा नीतियों का प्रचार प्रसार करने के लिए चौ. चरणसिंह विचार संदेश रथयात्रा निकालने, समाज में फैली कुरीतियों, नशाखोरी, कन्या भू्रण हत्या, दहेज हत्या, मृत्यु भोज पर सख्ती से पाबंदी लगाने, नवरात्र में प्रतिभावान 101 बेटियों को सम्मानित करने, जाट बिरादरी को केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण दिलाने के लिए मुहिम तेज करने का निर्णय लिया गया। पंचायत में सर्वसम्मति से 12 सदस्यीय संरक्षक मंडल का गठन कर चौ. नीरपाल सिंह, चौ. अर्जुन सिह, मुकेश चौधरी, नरेंद्र सिरोही, स. महीपाल सिंह, स. ओमकार सिंह, सतीश चौधरी, चौ. भूपेंद्र सिंह, चौ. यशवीर चंदेना, सुभाष प्रधान गांगनोली, चौ. मांगेराम गुनारसा व लोकेंद्र कुरलकी को संरक्षक बनाया गया।