एचटी लाईन की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत, साथी गम्भीर
- सहारनपुर में गांव मदनूकी में श्रमिकों की मौत के बारे में जानकारी लेते पूर्व विधायक इमरान मसूद व ग्राम प्रधान।
रामपुर मनिहारान। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गांव मदनूकी के जंगल में एक किसान के खेत में पोपुलर के पेड़ काटने आए तीन मजदूरों की एचटी लाईन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उनका एक साथी गम्भीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तीनों मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर ढोला निवासी 32 वर्षीय सद्दाम पुत्र रफल, 30 वर्षीय नौशाद पुत्र दिलशाद व 30 वर्षीय अजय पुत्र ऋषि सैनी तथा आरिफ पुत्र खुर्शीद अपने साथियों के साथ कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव मदनूकी में पोपुलर के पेड़ काटने आए थे। आज सुबह पेड़ काटते समय समीप से गुजर रही एचटी लाईन के करंट की चपेट में आने से सद्दाम, नौशाद व अजय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उनका साथी आरिफ गम्भीर रूप से झुलस गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक इमरान मसूद, भाजपा विधायक देवेंद्र निम, रामपुर मनिहारान के पूर्व ब्लाक प्रमुख नक्षत्र पाल भी मौके पर पहुंचे तथा घटना पर दु:ख जताते हुए मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता पहुंचाने का आश्वासन दिया। मौके पर पहुंची रामपुर मनिहारान कोतवाली पुलिस ने घायल आरिफ को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया तथा मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर जैसे ही सद्दाम, नौशाद व अजय की मौत की सूचना उनके परिजनों को मिली तो उनमें कोहराम मच गया।
