बेटियां स्थापित कर रही हैं हर रोज नए आयाम : यादव

बेटियां स्थापित कर रही हैं हर रोज नए आयाम : यादव
  • सहारनपुर में नगर निगम में मिशन शक्ति से संबद्ध लघु फिल्म देखती महिलाएं।

सहारनपुर [24CN] । नगर निगम में महिला सशक्तिकरण के तहत एक संगोष्ठी का आयोजन कर महिलाओं को कन्या भ्रूण हत्या के गैरकानूनी होने की जानकारी देते हुए कहा गया कि बेटियां आज किसी भी तरह कम नहीं हैं। छेड़छाड़ से निपटने के लिए महिला हेल्प नंबरों की जानकारी देने के साथ ही स्वालंबी बनने की प्रेरणा देने के लिए मिशन शक्ति पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र ंिसंह के निर्देश पर नगर निगम के सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन कर उप नगरायुक्त दिनेश यादव ने महिलाओं को भ्रूण हत्या के गैर कानूनी होने तथा समाज में लैंगिक अनुपात का संतुलन बनाये रखने के लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि प्रकृति और समाज का संतुलन बनाये रखने के लिए जरुरी है कि कन्याओं का भी बेटों की तरह पालन पोषण किया जाए। उन्होंने कहा कि आज बेटियां किसी से कम नहीं है। वे भी चांद पर जा रही है और सीमा पर दुश्मनों के छक्के भी छुड़ा रही हैं। बेटिया जहाज भी उड़ा रही है और इंजीनियरिंग व चिकित्सा के क्षेत्र में हर दिन नये आयाम स्थापित कर रही है। उपनगरायुक्त ने महिलाओं को स्वावलंबी बनने की प्रेरणा के साथ सम्मान के साथ जीने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा अनेक हेल्पलाइन नंबर शुरु किये गए है। महिलाओं को किसी भी प्रकार की महिला हिंसा तथा छेड़छाड़ के प्रति जागरुक करते हुए उन्होंने बताया कि ऐसी किसी भी स्थिति में महिलाएं वूमैन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन पुलिस सेवा 112 पर कॉल कर सहायता ले सकती हैं। इसके अतिरिक्त स्वास्थय सेवा के लिए 102, एंबुलेंस के लिए 108, चाइल्ड लाइन के लिए 1098 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 नंबर पर कॉल कर मदद ली जा सकती है।