आंखों में भक्ति का सुरमा डालने से दूर हो जाएगा अंधेरा: बाबा गुरिंदर सिंह

सहारनपुर। राधा स्वामी सत्संग व्यास के डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लो ने कहा कि हमारा मन काला है। इसलिए परमात्मा की भक्ति में नहीं लगता। मन का मैल साफ कर भक्ति करें। बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लो पिलखनी स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास मेजर सैंटर में आयोजित दो दिवसीय सत्संग कार्यक्रम के आखिरी दिन संगत को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परमात्मा ने हमें इंसान बनाया है। इसकी कोई वजह तो होगी वरना हमें पेड़-पौधे अथवा पशु-पक्षी भी बनाया जा सकता था। अपने पिछले सत्कर्म का फल यदि तुम्हें इंसान के रूप में मिला है तो अपने मन को परमात्मा के चरणों में लगाकर भक्ति करो। उन्होंने कहा कि हमारा मन काला है। इसलिए परमात्मा की भक्ति में नहीं लगता। अपने मन का मैल धोकर साफ करें ताकि परमात्मा की भक्ति में मन को लगाया जा सके।

उन्होंने कहा कि मालिक ने सृष्टि को जौनी के दो भागों में बांटा है। एक कर्म जोनी और दूसरी भोग जौनी। मानव कर्म जोनी में आता है बाकी सभी भोग जोनी में आते हैं। कर्म जोनी में इंसान भुगतान भी और कर्म भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि मन अंधा कुआ है जितनी मन की चाहत पूरी करेंगे, मन उतना ही अधिक आपसे मांगने लगेगा। उन्होंने कहा कि कपड़ों से कोई योगी नहीं बनता, भक्ति करने से योगी बनता है। मन ही परमात्मा का मंदिर है। हम अभी अज्ञानता के अंधेरे में हैं। भक्ति का सुरमा आंखों में डालने से अंधेरा दूर हो जाएगा और आप परमपिता परमात्मा के दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान लाखों की संख्या में संगत मौजूद रही।