मिशन शक्ति 5.0 के तहत साइबर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न

मिशन शक्ति 5.0 के तहत साइबर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
सहारनपुर में एसपी यातायात को सम्मानित करते डीआईजी
  • महिलाओं एवं नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार: डीआईजी

सहारनपुर। मिशन शक्ति 5.0 के तहत आज जनमंच प्रेक्षागृह, सहारनपुर में साइबर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा और तकनीकी जागरूकता अत्यंत आवश्यक है ताकि समाज के हर वर्ग को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखा जा सके।

पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के साथ-साथ समाज को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध आज वैश्विक चुनौती है, और इससे बचाव के लिए प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना आवश्यक है। कार्यशाला में देश के प्रसिद्ध साइबर विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन ने विस्तृत प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। उन्होंने साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, ऑनलाइन ठगी से बचाव, सोशल मीडिया सुरक्षा, पासवर्ड प्रबंधन, डिजिटल लेनदेन की सुरक्षा और साइबर हाइजीन जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय सतर्कता और जागरूकता है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्राओं और नागरिकों को साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रशिक्षित कर साइबर योद्धाओं की एक सशक्त टीम तैयार करना और समाज को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना रहा। इस अवसर पर मण्डलायुक्त अटल कुमार राय, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिशेक सिंह, जिलाधिकारी मनीश बसंल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आषीश तिवारी सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।