सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, लाखों लोगों ने मां के दर्शन कर मांगी मन्नतें
- सहारनपुर में सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी मेला परिसर में दर्शनों के लिए कतार में लगे श्रद्धालु ।
सहारनपुर। सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी मेले में लाखों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर मन्नतें मांगी। यूं तो सिद्धपीठ पर पहले नवरात्र से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, लेकिन आज खासतौर पर अष्टमी व नवमी के दिन मेले में बहुत भारी संख्या में श्रद्धालु सिद्धपीठ पर पहुंचे। जिलाधिकारी मनीष बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन द्वारा अष्टमी एवं नवमी के अवसर पर मां शाकंभरी देवी मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ के दृष्टिगत व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इसी के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना एवं हवन कर मां का आशीर्वाद भी लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मां शाकंभरी देवी मेला में सीसीटीवी, पीए सिस्टम, शौचालय व्यवस्था, अस्थाई अस्पताल, एंबुलेंस, पार्किंग व्यवस्था, बैरीकेटिंग, साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था, मजिस्ट्रेट, पुलिस बल की उपलब्धता आदि को देखकर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि सभी व्यवस्थाओं को पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर और अधिक दुरूस्त बनाया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले को और अधिक दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए सम्बन्धित अधिकारी निरंतर नजर बनाए रखें एवं सौंपी गई जिम्मेदारियों का इसी प्रकार निर्वहन करते रहें। उन्होंने कहा कि मां शाकंभरी देवी जाने के लिए श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
श्री बंसल ने बताया कि सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की देख-रेख के लिए 4 वरिष्ठ अधिकारियों को मेला प्रभारी, 18 जोनल मजिस्ट्रेट, 48 सेक्टर मजिस्ट्रेट, अपर पुलिस अधीक्षक, 04 उपजिलाधिकारी एवं पुलिस विभाग द्वारा 05 पुलिस उपाधीक्षक सहित विभिन्न पदों पर नियुक्त 450 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात रहे। 19 मार्च से प्रारम्भ इस मेले में देश के विभिन्न प्रदेशों एवं जनपदों से लाखों श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों का आवागमन निरंतर बना हुआ है। निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण सागर जैन, एसपी यातायात शैलेन्द्र कुमार, उपजिलाधिकारी बेहट मानवेंद्र सिंह, सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
