
विभिन्न स्थानों में हिंदू सम्मेलनों में उमड़ा जनसैलाब
- सहारनपुर में माधव नगर में आयोजित हिंदू सम्मेलन का मंचीय दृश्य।
सहारनपुर। सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में मंगलवार को महानगर के माधव नगर, चंद्रनगर, मंगल नगर और भगवती कॉलोनी में विशाल हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इन सम्मेलनों में हजारों की संख्या में लोगों ने सहभागिता की और समाज में एकता, समरसता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। माधव नगर स्थित श्री विष्णु मंदिर प्रांगण में आयोजित मुख्य सम्मेलन का शुभारंभ पूज्य साध्वी प्राची दीदी एवं कार्यक्रम अध्यक्ष सुशील कुमार अग्रवाल ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
मुख्य वक्ता डॉ. रामावतार ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की उन्नति के लिए एकता आवश्यक है और विभाजन से ही देश कमजोर हुआ है। साध्वी प्राची दीदी ने भी सामाजिक एकजुटता को समय की आवश्यकता बताया। चंद्रनगर पार्क में आयोजित सम्मेलन में आरएसएस के सह प्रांत प्रचारक आनंद जी एवं वीएचपी के प्रांतीय पदाधिकारी रमेश चंद्र शर्मा ने समाज को संगठित होकर राष्ट्र सेवा का मार्ग अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुभाष चैधरी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने भाग लिया। मंगल नगर स्थित श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर तथा भगवती कॉलोनी के शिव मंदिर पार्क में आयोजित सम्मेलनों में वक्ताओं ने जातिवाद और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त करने पर जोर दिया। सभी कार्यक्रमों के समापन पर समरसता भोज (प्रसाद) का आयोजन किया गया।
