जनपद में होगी क्रिकेट की निर्वाचन प्रीमियर लीग

जनपद में होगी क्रिकेट की निर्वाचन प्रीमियर लीग
  • स्वीप अभियान के तहत एनपीएल का शुभारम्भ 13 जनवरी से होगा जेवी जैन कॉलेज में
  • विद्यालयों और कॉलेजों में भी आयोजित होंगी मतदाता जागरूकता सम्बन्धी प्रतियोगिताएं

सहारनपुर, 11 जनवरी 2024 (सू0वि0)। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 दिनेश चन्द्र के निर्देशों के क्रम में लोक सभा सामान्य निर्वाचन-2024 हेतु स्वीप अभियान के तहत मतदाताओं को जागरूक करने के सम्बन्ध में 13 जनवरी से होने वाली क्रिकेट की निर्वाचन प्रीमियर लीग यानी एनपीएल की तैयारियों के सम्बन्ध में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में बैठक आहूत की गयी।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इसी क्रम में क्रिकेट की निर्वाचन प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। जिसका शुभारम्भ 13 जनवरी को जेवी जैन डिग्री कॉलेज में किया जाएगा। इस अवसर पर मण्डलायक्त डॉ0 हृषिकेश भास्कर यशोद, पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी, वरिष्ट पुलिस अधीक्षक डॉ0 विपिन ताडा सहित जनपद के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारीगण सहित वरिष्ठ खिलाडी उपस्थित रहेंगे। इसी तरह जनपद के विभिन्न कॉलेजों और विद्यालयों में भी स्वीप पर आधारित क्रिकेट प्रतियोगितांए आयोजित की जाएंगी।

एनपीएल में डीईओ इलेवन, सदर लॉयन्स, देवबन्द थन्डरबर्डस, रामपुर योद्धा, नकुड टाइटन्स और बेहट अवेन्जर्स टीमें शामिल होंगी। इसमें डीईओ इलेवन टीम जनपद स्तरीय एवं अन्य टीमें तहसील स्तरीय होंगी।

इस अवसर पर नोडल स्वीप संगीता राघव, डिप्टी कलेक्टर मानवेन्द्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार, प्रशासनिक अधिकारी जेवी जैन कॉलेज सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।