उन्नति के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी: वर्मा

उन्नति के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी: वर्मा
  • सहारनपुर में भाकियू वर्मा की बैठक को सम्बोधित करते राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा।

सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ करोड़ जनता की उन्नति के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी है। पश्चिम प्रदेश निर्माण होने पर यहां शिक्षा एवं चिकित्सा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की होगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा आज यहां पेपर मिल रोड स्थित कार्यालय पर आयोजित किसानों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों, 27 लोकसभा क्षेत्रों, 6 मंडलों और यहां की 8 करोड़ जनता की उन्नति के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण समय की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश की उपेक्षा करती है। यहां शिक्षिक बेरोजगारों को लखनऊ में नाममात्र की सरकारी नौकरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश में छोटे राज्यों के निर्माण के लिए राज्य पुनर्गठन आयोग का गठन किए जाने की मांग की।

मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र चौधरी ने कहा कि किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, दुकानदारों, बुद्धिजीवियों, अधिवक्ताओं, युवाओं और छात्रों को आगे आकर पृथक पश्चिम प्रदेश आंदोलन में भागीदारी करनी चाहिए। प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिले प्रदेश सरकार को 80 प्रतिशत राजस्व देते हैं। उसके बावजूद प्रदेश सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश की घोर उपेक्षा कर रही है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश सचिव ऋषिपाल गुर्जर, स. गुलविंदर सिंह बंटी, मांगेराम यादव, मौ. राशिद, वसीम जहीरपुर, महबूब हसन, हाजी बुद्धू हसन, तबरेज आलम, मौ. यासीन त्यागी, डा. यशपाल त्यागी, सुभाष त्यागी, जोगेंद्र सिंह, चौ. कालूराम, नीरज सैनी, मांगेराम सैनी, नैनसिंह सैनी, हाजी साजिद, हाजी सुलेमान, सुधीर चौधरी, अरविंद चौधरी आदि मौजूद रहे।