पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण ही सभी समस्याओं का एकमात्र हल: वर्मा

- सहारनपुर में पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा की बैठक को सम्बोधित करते राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा।
सहारनपुर [24CN]। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। इसलिए उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होने तक मोर्चा का संघर्ष जारी रहेगा।
भगतसिंह वर्मा आज यहां पेपर मिल रोड स्थित मोर्चा कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ करोड़ जनता की उन्नति के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों व 6 मंडलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि विगत चार दशक से वकील पश्चिम में हाईकोर्ट बैंच स्थापित कराने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इसके बावजूद आजादी के 75 वर्ष बीतने के बावजूद अभी तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बैंच स्थापित नहीं की गई है। इसके लिए सीधेतौर पर केंद्र व प्रदेश सरकार जिम्मेदार हैं। उन्होंने मौहम्मद राव रजा को मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की।
राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र चौधरी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान, मजदूर, दुकानदार, व्यापारी, बुद्धिजीवी, युवाओं व छात्रों को पृथक राज्य निर्माण की लड़ाई में भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज लगातार बढ़ती समस्याओं का एकमात्र समाधान पश्चिम प्रदेश का निर्माण ही है। बैठक में मौहम्मद राव रजा, विनोद सैनी, सुशील गुर्जर, सुनील धीमान, वीरेंद्र सिंह बिल्लू, वसीम जहीरपुर, नरेश कुमार एडवोकेट, अजीत सिंह प्रधान, हाजी सुलेमान, महबूब हसन, सुधीर चौधरी आदि मौजूद रहे।