सद्भावना पैदा करना ही सामाजिक परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य: आदित्य

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते प्रसपा के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव।
सहारनपुर। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों में सद्भावना पैदा करना है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव आज यहां सर्किट हाऊस में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन यात्रा का शुभारम्भ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मथुरा की पावन धरती से किया था जो प्रदेश के विभिन्न जिलों बुंदेलखंड, झांसी, इटावा, शाहजहांपुर आदि जिलों से होती हुई सहारनपुर पहुंची है जहां से वह गाजियाबाद के लिए रवाना होगी। इससे पूर्व राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव ने सामाजिक परिवर्तन यात्रा के स्वागत के लिए पहुंचे कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
हालांकि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के स्थानीय पदाधिकारी सामाजिक परिवर्तन यात्रा के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं को जुटा नहीं पाए। इस कारण पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव मायूस दिखाई दिए तथा पूरे कार्यक्रम के दौरान एक ओर जहां आदित्य यादव के चेहरे पर मायूसी दिखाई दी। वहीं पार्टी के स्थानीय नेता भी मुंह छिपाते नजर आए। इस दौरान मंडल प्रभारी इसरार सिद्दीकी, जिलाध्यक्ष मो. तारिक गुड्डू, प्रदेश महासचिव अभिषेक सिंह आशु, प्रदेशाध्यक्ष सुंदरलाल लोधी, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव वीरपाल सिंह यादव, नितिन कोहली आदि मौजूद रहे।