कायर, बेईमान, नपुंसक; देवरिया हत्याकांड पर आग बबूला हुए BJP विधायक; अधिकारियों को दिया ये अल्टीमेटम

कायर, बेईमान, नपुंसक; देवरिया हत्याकांड पर आग बबूला हुए BJP विधायक; अधिकारियों को दिया ये अल्टीमेटम

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में हुए पांच लोगों के जघन्य हत्याकांड के बाद बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने अधिकारियों को सख्त अल्टीमेटम दिया है। विधायक ने कहा इस मामले में ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि वह लोगों के लिए नजीर बन जाएगी। साथ ही भ्रष्ट अधिकारी अपनी करनी का फल भुगतने के लिए तैयार रहें।

देवरिया सीट से भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने सोशल मीडिया के जरिए कहा- “इस पूरे घटनाक्रम को सीएम योगी आदित्यनाथ को अवगत करा दिया गया है, वे स्वयं इस पूरे मामले में नजर बनाए रखे हुए हैं। भूमाफियाओं के खिलाफ निर्णायक जंग लड़ी जाएगी। वे किसी भी प्रकार से बचेंगे नहीं, चाहे उन्हें किसी का भी सियासी सरपरस्ती हासिल हो।”

ऐसी कार्रवाई होगी जो नजीर बन जाए

इसके बाद भाजपा विधायक ने अपनी पोस्ट में लिखा- “देवरिया के फतेहपुर में ग्राम सभा की जमीन पर कब्जा करके कैसे आलीशान मकान बना और यह अवैध मकान किस प्रकार बचा रहा। इसमें जांच के साथ ही प्रभावी कार्रवाई भी होगी। ऐसी कार्रवाई जो नजीर बन जाए।

शलभ मणि त्रिपाठी ने आगे कहा- “बेबस लोगों, बेटियों और मासूम बच्चों पर हमला करने वाले भूमाफिया कायर और नपुंसक हैं। उनका उचित और कानूनी इलाज होकर रहेगा। साथ ही इस मामले में दोषी महाभ्रष्ट राजस्व अधिकारी/ कर्मचारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी अपनी करनी का फल भुगतने को तैयार रहें।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत फतेहपुर के रहने वाले सत्य प्रकाश दुबे के भाई साधु दुबे ने कुछ दिन पहले अपने हिस्से की करीब 10 बीघा भूमि गांव के दूसरे टोले के रहने वाले पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव को बेच दी थी।

भूमि बेचने के बाद वह प्रेमचंद यादव के घर रहते थे। तीन माह पहले साधु दुबे गुजरात चले गए। भूमि को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। सोमवार की सुबह करीब 7:00 बजे प्रेमचंद यादव बाइक पर सवार होकर दूसरे टोले पर विवादित भूमि को देखने गए थे। खेत के पास विवाद होने लगा।

एक ही दिन में हुई छह हत्याएं

उसके बाद प्रेमचंद यादव सत्य प्रकाश दुबे के दरवाजे पर पहुंच गए। सत्य प्रकाश दुबे के दरवाजे पर विवाद बढ़ गया। उस दौरान सत्य प्रकाश दुबे व अन्य ने मिलकर प्रेमचंद यादव को ईंट से मारकर हत्या कर दी।

घटना की जानकारी प्रेमचंद यादव के घर वालों को हुई। दूसरे टोले से ललकारते हुए प्रेमचंद यादव के घर के लोग सत्य प्रकाश दुबे के दरवाजे पर पहुंचे। सभी लोग घर में दरवाजा बंद कर छुप गए थे लेकिन आक्रोशित लोग दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुस गए। घर में सभी की बारी-बारी से धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।