लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार के ट्रैक, टेस्ट व ट्रीट फॉमूला के सटीक क्रियान्वयन के कारण प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले लगातार घट रहे हैं। प्रदेश में बीते 24 घंटे में 7735 नए संक्रमित मिले हैं जबकि 17,668 लोग इसके संक्रमण से उबरे हैं। 24 घंटे में 172 लोगों की मौत भी हुई है। गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को नए संक्रमितों की संख्या की 1010 की बढ़ोतरी हुए है जबकि लम्बे समय बाद मृतकों की संख्या दो सौ के नीचे आई है।
प्रदेश में बीते 24 घंटे में सर्वाधिक नए संक्रमित 1003 गाजियाबाद में मिले हैं। गोरखपुर में 892, मेरठ में 427 और लखनऊ में 286 नए केस मिले हैं। वाराणसी में बीते 24 घंटे में 15, लखनऊ में 12 और सहारनपुर में 11 लोगों की मौत हुई है। लखनऊ में अब भी 6631 एक्टिव केस हैं जबकि 2341 लोगों ने दम तोड़ा है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने प्रदेश में जान का बड़ा नुकसान किया है। इसकी चपेट में आने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उबरने के बाद मंडल के साथ जिलों का भी स्थलीय निरीक्षण का बड़ा अभियान चलाया। इसके बाद से मिशन मोड में आने वाली सरकारी मशीनरी ने प्रदेश में कोरोना कफ्र्यू लगाया। इससे कोविड चेन बाधित हो गई और मामला नियंत्रण में आने लगा। प्रदेश में अब एक्टिव केस एक लाख 6276 हैं। प्रदेश में 15 लाख 34,176 लोग इससे रिकवर हुए हैं जबकि 18,760 लोगों ने दम तोड़ा है। सक्रिय मामलों में लगभग 68 प्रतिशत की कमी आई है। पॉजिटिविटी रेट 3.6 प्रतिशत है। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि मॉनिटरिंग और ट्रेसिंग करके हमने यह सफलता पाई है।
वैक्सीनेश जारी: अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने बताया कि प्रदेश में अब तक कुल मिलाकर 1,25,00,000 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। इसके साथ ही 33 लाख लोगों को दूसरी डोज भी दी गई है। 23 जि़लों में 18 से 44 वर्ष के अब तक 8,52,000 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई है।