देश व धर्म को नहीं किया जा सकता अलग: अलखनाथ

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते सिद्धयोग मठ के महामंडलेश्वर।
सहारनपुर [24CN]। सिद्ध योग मठ अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर बाल योगी अलखनाथ ओघड़ महाराज ने कहा कि जिस तरह से नाखूनों से मांस को अलग नहीं किया जा सकता। वैसे ही देश व धर्म को अलग नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राजनीति में धर्म का दखल उचित है। महामंडलेश्वर बाल योगी अलखनाथ ओघड़ महाराज आज यहां दिल्ली रोड स्थित महामंडलेश्वर संत कमल किशोर के कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब राजनीति भ्रष्टाचार से युक्त हो जाए तो धर्म व धर्म क्षेत्र में लगे लोगों का कर्तव्यबनता है कि राजनीतिक क्षेत्र में लोगों को सही रास्ता दिखाएं। ऐसा पहले भी राजाओं-महाराजाओं के राज्य में होता आया है। उस समय भी धर्मगुरू राजनीति को सही दिशा प्रदान करते थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में आ चुकी गंदगी की सफाई के लिए आज भोगियों की नहीं अपितु योगियों की आवश्यकता है जो नि:स्वार्थ भाव से मानवता की सेवा कर सकें।
महामंडलेश्वर संत कमल किशोर ने कहा कि आज सिद्धपीठ शाकम्भरी देवी में सिद्ध योग अखाड़े का आह्वान देश एवं धर्म बचाओ अभियान प्रारम्भ किया गया है जिसे शीघ्र ही पूरे देश में हर घर में पहुंचाया जाएगा। यह एक ऐसा यज्ञ है जिसमें जनमानस की आहूत, उसका प्रेम, समर्पण, देश और धर्म के प्रति आस्था आवश्यक है। उन्होंने सभी से सिद्ध योग मठ अखाड़े के साथ जुडऩे का आह्वान करते हुए कहा कि देश और समाज व्यक्ति से बनता है। श्रेष्ठ आचरण केवल धर्म सिखाता है। वार्ता के दौरान पंचतीर्थी आश्रम के प्रमुख महंत स्वामी रामदेव, महामंडलेश्वर विपुल समाधिनाथ, योगी शीशुपाल नाथ कोठारी, विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय मंत्री योगी राजकुमार नाथ, पं. अनिल कोदंड, उद्धव कोदंड, हिमांशु जैन भी मौजूद रहे।