shobhit University Gangoh
 

निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने ग्रीन कोष में दिया एक दिन का वेतन

निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने ग्रीन कोष में दिया एक दिन का वेतन
  • सहारनपुर में नगर निगम में नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के समक्ष डिवाइडर को गोद लेने की घोषणा करते प्रवासी भारतीय शिवांश।

सहारनपुर [24CN] । ग्रीन सहारनपुर-क्लीन सहारनपुर के सपने को साकार करने के लिए नगरायुक्त सहित नगर निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन निगम द्वारा स्थापित ‘ग्रीन कोष में देने की घोषणा की है। उधर प्रवासी भारतीय और ‘लव फॉर लाईफ के संस्थापक शिवांश जेटली ने नगरायुक्त से मुलाकात कर देहरादून रोड के डिवाइडर को पौधारोपण के लिए गोद लेने की घोषणा की।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर निगम के साथ मिलकर अन्य प्रोजेक्ट पर भी कार्य करने की इच्छा जतायी। पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर निगम द्वारा चलाये जा रहे पौधारोपण, वाटर हार्वेस्टिंग व अन्य अभियानों को गति देने के लिए निगम द्वारा स्थापित ग्रीन कोष में नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने अपना तथा निगम के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों का एक दिन का वेतन दान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमारा दृढ़ संकल्प है कि हम सहारनपुर को ग्रीन और क्लीन बनायेंगे। इसी अभियान के लिए निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से एक दिन का वेतन देने की सहर्ष घोषणा की जा रही है। उन्होंने महानगर के लोगों से ग्रीन कोष में पेड़-पौधे, बीज व धनराशि आदि से सहयोग कर अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की।

उधर सहारनपुर के मूल निवासी, प्रवासी भारतीय और ‘लव फॉर लाईफ के संस्थापक अध्यक्ष शिवांश जेटली ब्रहस्पतिवार को ‘लव फॉर लाईफÓ के वालंटियर्स के साथ नगर निगम पहुंचे और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह से मुलाकात कर निगम द्वारा ‘ग्रीन सहारनपुर-क्लीन सहारनपुरÓ अभियान के तहत चलाये जा रहे पौधारोपण अभियान में सहयोग की पेशकश की। उन्होंने नगरायुक्त के सुझाव पर देहरादून रोड के डिवाइडर को पौधारोपण के लिए गोद लेने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि वह निगम के ‘ग्रीन कोष में विभिन्न प्रजातियों के बीस हजार पौधे दान करेंगे। उन्हीं पौधों से देहरादून रोड़ के डिवाइडर पर पौधारोपण किया जायेगा। उन्होंने निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाये जा रहे अन्य प्रोजेक्ट की भी जानकारी ली।

नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि निगम देहरादून रोड पर एक ग्रीन पट्टी भी विकसित करेगा, उसके लिए योजना तैयार की जा रही है। निगम के पर्यावरण प्लानर उमर सैफ ने बताया कि निगम महानगर में जापानी पद्धति के दस मियावाकी वन विकसित करने के अलावा विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से गौरय्या संरक्षण व तितली संरक्षण के लिए भी काम शुरु कर रहा है। प्रवासी भारतीय शिवांश ने निगम की अन्य पर्यावरण संबंधी योजनाओं में भी सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में उक्त के अलावाा महाप्रबंधक जलकल मनोज आर्य, अधिशासी अभियंता जलकल सुशील सिंघल, मीडिया कंसलटेंट डॉ.वीरेन्द्र आजम व जलकल विभाग के एई ईश्वर सिंह सहित अन्य सहायक अभियंता शामिल रहे।

Jamia Tibbia