बावर्दी नजर आयेंगे निगम के सफाई व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी
- सहारनपुर में नगर निगम भवन।
सहारनपुर। नगर निगम के सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तथा स्वास्थय अनुभाग के सफाई कर्मचारी, नायक व ड्राइवर अब जल्दी ही बावर्दी नजर आयेंगे। इसके लिए 358 कर्मचारियों को ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन वर्दी के लिए नगर निगम द्वारा दस लाख 68 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। नगर निगम कार्यकारणी की बैठक में महापौर डॉ. अजय कुमार ने कर्मचारियों को निगम की ओर से ग्रीष्म कालीन व शीतकालीन वर्दी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।
लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी ने बताया कि महापौर डॉ. अजय कुमार के उसी आदेश के अनुपालन में नगर निगम ने स्वास्थय अनुभाग के 300 सफाई कर्मचारियों (नायक व ड्राइवर सहित) एवं चतुर्थ श्रेणी के 58 सामान्य कर्मचारियों को ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन वर्दी के लिए दस लाख 68 हजार 630 रुपये भुगतान किया गया है। प्रति कर्मचारी 2985 रुपये भुगतान किया गया है। नगरायुक्त शिूप गिरि ने नगर स्वास्थय अधिकारी को निर्देश दिए है कि सम्बंधित कर्मचारीगणों को किये गए भुगतान के सापेक्ष कर्मचारी एक सप्ताह में वदी तैयार करा कर डियूटी समय में धारण करें।
उन्होंने 20 फरवरी तक इसका सत्यापन कराकर उनके कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश भी नगर स्वास्थय अधिकारी को दिए है। नगरायुक्त ने आदेश में कहा है कि यह भी सुनिश्चित करायें कि डियूटी अवधि में प्रत्येक कर्मचारी वर्दी धारण करें, यदि कोई कर्मचारी बिना वर्दी धारण किये डियूटी पर पाया जाता है तो उसके सम्बंधित पर्यवेक्षणीय अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।
