निगम ने एक दर्जन पम्प व मशीनों से की जल निकासी
- सहारनपुर में नन्दपुरी में जल निकासी के लिए लगाया गया पम्प।
सहारनपुर [24CN] । भारी वर्षा से शहर की निचली कालोनियों और अनेक मार्गों पर हुये जल भराव से लोगों को निजात दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा करीब एक दर्जन मढ़ पम्प और सक्शन गाडिय़ों की मदद से पानी निकासी की गयी। इसके अतिरिक्त नालों में आये अवरोधों को साफ करने के लिए भी सफाई कर्मचारी लगाये गये।
नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने जल निकासी कार्य का स्वयं निरीक्षण किया। बुधवार तडक़ से हो रही भारी बारिश के कारण शहर के निचले क्षेत्रों व कुछ मार्गों पर जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गयी। शहर के अनेक नालों में बहकर आये कचरे के कारण भी सडक़ों पर पानी आ जाने से लोगों को पेरशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को जलभराव की स्थिति से राहत दिलाने के लिए नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह के निर्देश पर वार्ड 26 की नन्दपुरी कालोनी, प्रकाश लोक एवं राम विहार कालोनी में पम्प लगाकर जल निकासी की गयी।
इसके अतिरिक्त वार्ड 33 दिल्ली रोड़ पर इण्डस्ट्रियल एरिया के बड़े नाले की जे.सी.बी. से सफाई करायी गयी। वार्ड 31 मानकमऊ तथा वार्ड 25 में वेद विहार कालोनी के पीछे जलभराव होने पर पम्प लगाकर जल निकासी की गयी। इसके अतिरिक्त वार्ड 39 पेपर मिल रोड़, वार्ड 31 मानकमऊ में दो स्थानों पर, वार्ड 25 गणेश नगर, मल्हीपुर रोड राम नगर में दो स्थानों पर, वार्ड 26 में अमर शहीद पब्लिक स्कूल क्षेत्र में भी पम्प लगाकर जल निकासी की गयी।
मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने बताया कि वार्ड 26 में कलसिया रोड़ पर विभिन्न स्थानों पर हुये जल भराव से लोगों को निजात दिलाने के लिए सक्शन मशीन लगाकर जल निकासी की गयी। वार्ड 9 में दिल्ली रोड़ पर भी सक्शन मशीन का उपयोग किया गया। जबकि शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर जल भराव के लिए भी एक सक्शन मशीन के माध्यम से जल निकासी करायी गयी। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने जल निकासी वाले अनेक क्षेत्रोंं में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और सफाई कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
