निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दिए एक लाख 51 हजार रुपये दान

- सहारनपुर में देहरादून रोड के डिवाइडर पर पौधारोपण करते पद्मश्री भारत भूषण व नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह तथा अन्य।
सहारनपुर [24CN]। नगर निगम स्थापित ग्रीन कोष लोगों की बढ़ती सहभागिता से लगातार समृद्ध हो रहा है। शहर को हरा भरा कर कार्बन न्यूट्रल बनाने के लिए लोग निगम की पौधारोपण मुहिम से जुड़ रहे हैं और कारवाँ बनता जा रहा है। शहर के लोगों व संस्थाओं ने जहां ग्रीन कोष में हजारों पौधे दान किये हैं वहीं नगरायुक्त की पहल पर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी एक लाख 51 हजार रुपये ग्रीन कोष को दान किये हैं। शहर के सौंदर्यीकरण और ग्रीन सहारनपुर-क्लीन सहारनपुर के सपने को साकार करने के लिए नगर निगम द्वारा शुरु किये गए पौधारोपण को गति देने और पौधारोपण में लोगों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से नगरायुक्त द्वारा नगर निगम में जून माह में ग्रीन कोष की स्थापना कर लोगों से सहयोग का आह्वान किया गया था। ताकि अपने शहर को कार्बन न्यूट्रल बनाकर हम अपने बच्चों और आने वाली पीढिय़ों को एक स्वस्थ व संतुलित पर्यावरण दे सकें।
नगरायुक्त ने चांदी का सिक्का डालकर ग्रीन कोष की शुरुआत की थी। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने सोमवार को बताया कि निगम अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन तथा निगम से जुड़े कुछ अन्य लोगों द्वारा कुल एक लाख 51 हजार रुपये ग्रीन कोष में दान किये गए है। इस आह्वान का लोगों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा और लोग स्वेच्छा से ग्रीन कोष में पौधे दान करने के लिए आगे आने लगे। आज यह मुहिम एक कारवाँ बन गयी है। इंडियन हब्र्स के एमडी सुधाकर अग्रवाल ने एक बड़ी पहल करते हुए गंगोह रोड के डिवाइडर को पौधारोपण के लिए गोद लेकर उसमें हजारों पौधों का रोपण कराया तो दूसरी ओर प्रवासी भारतीय और लव फॉर लाइफ के संस्थापक अध्यक्ष शिवांश जेटली ने भी 20 हजार पौधे दान देने की घोषणा करते हुए देहरादून के डिवाइडर पर योग गुरु पद्मश्री भारत भूषण की अगुवाई में वृहद पौधारोपण कराया गया। अभियान की सफलता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि न्यू जवाहर पार्क, डिफेंस कॉलोनी में मदद ऐजूकेशन एंड वैल्फेयर फाउंडेशन की संस्थापक रुही अंजुम, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, मंगल नगर पार्क व माधोनगर स्थित विष्णु मंदिर के निकट राष्ट्रीय चेतना सेवा समिति, कामधेनु काम्पलेक्स में क्षेत्रीय उद्यमी एसोसियेशन, देहरादून रोड पर पार्षद विराट पुरी, रणजीत नगर में सिनियर सिटीजन एसोसियेशन, अबेडकर पार्क में क्षेत्रीय लोगों द्वारा मेयर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को बुलाकर पौधारोपण कराया गया। जबकि पैरामाउंट में राजीव सैनी की अगुवाई में रोटरी क्लब मिड टाउन द्वारा बैम्बू के बीज रोपे गए।
इसके अलावा महिला अग्रवाल संगम समिति द्वारा 1100, आयुष्मान भव वैल्फेयर सोसायटी की सारिका गुप्ता द्वारा 100, राजकीय नर्सिंग संघ की सुनयना आलम द्वारा 50, साई सेवा परिवार के सौरभ बब्बर द्वारा 200, फैमिली ऑफ ब्लड डोनेशन की नीरु सिंह द्वारा 50, ऐरॉन ऐजूकेशन वैल्फेयर सोसायटी द्वारा 50,राष्ट्रीय चेतना सेवा समिति द्वारा 50 तथा सिनियर सिटीजन अनुपमा महाजन, प्रेम कौर, सुमन बाला ने 25-25 व सरोज गोयल ने 20, ओमांश सिंघल व आयांश त्यागी द्वारा 11-11 तथा आर नटराज डांस एकेडमी के राहुल सक्सेना द्वारा 15 पौधे दान देने के अलावा निगम के हेड माली शकील द्वारा भी पीपल के 50 पौधे दान दिए गए हैं।