निगम ने कराया कोरोना से महानगर को बचाने के लिए यज्ञ

- सहारनपुर में कान्हा गौशाला में कोरोना से मुक्ति के लिए यज्ञ करते नगर स्वास्थय अधिकारी व अन्य।
सहारनपुर [24CN]। नगर निगम द्वारा मंगलवार को कान्हा उपवन गौशाला में हवन यज्ञ कराया गया और वैश्विक महामारी कोरोना के कहर से सहारनपुर महानगर व समस्त मानव समाज को बचाने की प्रार्थना की गयी। नगरायुक्त के निर्देश पर कृष्ण अष्टमी मंगलवार को कोरोना महामारी से मुक्ति के लिए नगर निगम द्वारा संचालित नवादा रोड स्थित कान्हा उपवन गौशाला में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.कुनाल जैन यज्ञ के यजमान रहे। गाय के गोबर से निर्मित समिधा व उपलों का ही यज्ञ में उपयोग किया गया।
पं.संजय कोठियाल ने वेद मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराते हुए कहा कि आज संपूर्ण मानव सभ्यता और पूरा देश इस महामारी से त्राहि-त्राहि कर रहा है। कोई भी साधन इस महामारी को रोकने में कारगर नही हो रहा है। ऐसी स्थिति में केवल ईश्वरीय प्रार्थना ही इससे मुक्ति का एक रास्ता है। सभी धर्मो के लोगों का दायित्व है कि वे अपने अपने ढंग से ईश्वर से प्रार्थना करें ताकि इस महाविनाशी बीमारी से बचा जा सके। यज्ञ में शामिल गौशाला के संरक्षक शैलेंद्र भूषण गुप्ता, डॉ.वीरेन्द्र आजम, मनोज कपिल, सचिन जैन, मुकेश चौधरी, देशराज, मेघपाल, रामशरण आदि ने यज्ञ में आहुति के साथ कोरोना महामारी से सहारनपुर महानगर को मुक्त करने की प्रार्थना की।