होलियों को निगम ने रंगोलियों से सजाया

होलियों को निगम ने रंगोलियों से सजाया
  • सहारनपुर में होलिका पर नगर निगम द्वारा बनायी रंगोली।

सहारनपुर [24CN]। होली के पावन पर्व पर जहां नगर निगम द्वारा शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया और चूना व मेलाथियान आदि छिड़का गया वहीं खुशी और उल्लास के इस पावन पर्व में नगर निगम ने भी रंगों के साथ अपनी खास भागेदारी कर इंद्रधनुषी रंगों से रंगोलिया सजायी।

परस्पर प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता के प्रतीक होली के पवित्र महापर्व पर नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाया और चूना व मेलाथियान आदि का छिड़काव कराया गया। निगम के कर्मचारी सुबह पांच बजे से ही सफाई व्यवस्था में जुट गए थे। नगरायुक्त के निर्देशानुसार पूरे महानगर में नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा सभी होलियों पर मन-उमंगों के साथ रंगोलियां सजायी गयी और चूने से नगर निगम भी लिखा गया। विभिन्न रंगों से अनेक स्थानों पर बनायी रंगोलियां इंद्रधनुषी छटा बिखेर रही थी। शहर की मदनपुरी, सम्राट विक्रम कॉलोनी, हरनाथपुरा, जवाहर पार्क, भगवती कालोनी, माधवनगर, न्यू माधव नगर, पंत विहार कृष्णानगर मंडी समिति रोड, बेहट रोड, बाल्मीकी कॉलोनी कलसिया रोड, चिलकाना रोड, आवास विकास, न्यू आवास विकास, कलक्ट्रेट तिराहा, हकीकत नगर, प्रतापनगर, दिगंबर जैन कॉलेज, रानी बाजार, मोरगंज, बड़तला, नुमाइश कैंप, हिम्मतनगर, सहित पूरे महानगर में होलियों पर रंगोलिया सजायी गयी थी। नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.कुनाल जैन के अलावा नगरायुक्त ज्ञानेंद्रसिंह ने सुबह ही पूरे महानगर में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने निगम कर्मचारियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि होली, दीवाली, ईद, क्रिसमस या गुरुपर्व पर सफाई कर्मचारी शहर में रंगोलियां बनाकर निगम की ओर से साम्प्रदायिक सद्भाव और एकता का संदेश देने के साथ ही अपनी कर्मठता व सफाई के प्रति समर्पण का उदाहरण पेश करते है। उन्होंने कहा कि यदि शहर के लोग सफाई व्यवस्था में सहयोग करें और सड़कों व नदी नालों में कूड़ा न डाले तो सहारनपुर का हर दिन उत्सव बन सकता है।