कोरोनावायरस : चीन में मृतकों की संख्या 492, क्रूज शिप से जापान पहुंचे 10 लोग संक्रमित
- जयपुर में तीन संदिग्ध मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है
- एयर इंडिया ने दिल्ली-हांगकांग उड़ानों पर 8 फरवरी से रोक लगाई
- केरल में बड़े पैमाने पर होटल बुकिंग रद्द, कर्नाटक ने निगरानी बढ़ाई
चीन में जानलेवा कोरोनावायरस के चलते मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। चीन की सरकार द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक अभी तक कोरोनावायरस के चलते 425 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा जापान में एक क्रूज शिप पर सवार करीब 10 लोग कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, भारत में राजस्थान के जयपुर में कोरोनावायरस से संक्रमित होने की आशंका में तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस वायरस के प्रसार को रोकने के लिए चीन वुहान में आज एक और अस्पताल तैयार हो सकता है। जानकारी के मुताबिक यह अस्पताल 1300 बेड वाला होगा। इससे पहले भी चीन रिकॉर्ड नौ दिनों में 1000 बेड वाला एक अस्पताल शुरू कर चुका है। अब तक 24 हजार से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
जापान में एक क्रूज शिप पर सवार करीब 10 लोग कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। यह जहाज हांगकांग से चलकर जापान के योकोहामा पहुंचा है। जापान के स्वास्थ्य मंत्री कासूनोबू ने बताया कि संक्रमित लोगों को अस्पताल भेजा गया है। जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशीहाइड सुगा ने बताया कि वायरस का प्रसार न हो इसके लिए सतर्कता बरतते हुए क्रूज जहाज पर सवार सभी 2700 लोगों को अलग रखा गया है।