नई दिल्ली: देश में कोरोना टीकाकरण का आंकड़ा शनिवार को 200 करोड़ डोज के करीब पहुंच गया। पिछले साल 16 जनवरी को कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि शनिवार को शाम सात बजे तक कोरोना रोधी वैक्सीन की 10 लाख डोज दी चुकी थी। कोविन पोर्टल के रात 11 बजे तक के आंकड़े के अनुसार अब तक कुल 199.98 करोड़ से अधिक डोज लगा दी गई है।
Booster Dose के लिए विशेष अभियान
केंद्र सरकार ने 15 जुलाई से ही 18 से 59 वर्ष आयुवर्ग के लोगों को सरकारी केंद्रों पर मुफ्त Booster Dose लगाने का विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दिन करीब 15 लाख डोज लगाई गई। इनमें से ज्यादातर लोगों को 75 दिन के विशेष अभियान ‘कोरोना टीकाकरण अमृत महोत्सव’ के तहत डोज दी गई है।
सरकार ने जारी किए टीकाकरण के आंकड़े
मंत्रालय ने बताया कि 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को अब तक कुल 1.06 करोड़ सतर्कता डोज लगाई गई है। 60 वर्ष की आयु से अधिक के लोगों को टीके की 2.81 करोड़ डोज दी जा चुकी है। 12 से 14 वर्ष के 3.79 करोड़ बच्चों को पहली डोज दी जा चुकी है जबकि 15 से 18 आयु वर्ग के 6.08 करोड़ से अधिक किशोरों को पहली डोज लगाई जा चुकी है।
जनवरी 2021 में शुरू हुआ टीकाकरण अभियान
पिछले साल 16 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने के साथ टीकाकरण अभियान के पहले चरण की शुरुआत हुई थी। उसी साल दो फरवरी से दूसरा चरण शुरू हुआ था, जिसमें फ्रंटलाइन वर्कर टीकाकरण अभियान में शामिल किया गया था। टीकाकरण का अगला चरण पिछले साल ही एक मार्च को शुरू हुआ था। इसमें 60 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों और 45 साल से अधिक उम्र के पहले से गंभीर बीमारी से ग्रस्त लोगों को टीका लगाना शुरू किया गया।