देश में कोरोना का आंतक, 24 घंटे में 40 लोगों ने तोड़ा दम…मरीजों की संख्या हुई 7447

देश में कोरोना का आंतक, 24 घंटे में 40 लोगों ने तोड़ा दम…मरीजों की संख्या हुई 7447

नई दिल्ली  : देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमितों की संख्या में सर्वाधिक 1000 से अधिक की वृद्धि दर्ज की गयी तथा इस दौरान इस संक्रमण के कारण 40 लोगों की मौत हो गयी। पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 1035 नये मामले सामने आने के साथ ही अब तक इसके कुल 7447 मामलों की पुष्टि हुई है जिनमें 71 विदेशी मरीज शामिल हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण से पिछले 24 घंटे के दौरान 40 और लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 239 हो गया है। अभी तक कोरोना संक्रमित 643 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस का प्रकोप देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है। कोरोना से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में अब तक 1574 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 110 लोगों की मौत हो गयी है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के दौरान 13 लोगों की मौत हुयी और 210 लोग संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों की संख्या के मामले में दूसरे स्थान पर तमिलनाडु है जहां 911 लोग इससे पीड़ति हुए हैं और आठ लोगों की मौत हुई है। इसके बाद दिल्ली में सबसे अधिक 903 लोग संक्रमित हैं और 13 लोगों की मौत हुई है।

दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान 183 लोग संक्रमित पाये गये और एक की मौत हुई है। मध्य प्रदेश में 435 लोग संक्रमित हैं और राज्य में एक दिन में सर्वाधिक 17 लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 33 हो गयी। तेलंगाना में अब तक 473 लोग संक्रमित हुए हैं और सात लोगों की मौत हुई है। केरल में 364 लोग संक्रमित हुए हैं और दो लोगों की मौत हुई है। राजस्थान में एक दिन में 90 लोग संक्रमित हुए और इनका आंकड़ा बढ़कर 553 हो गया तथा अब तक तीन लोगों की मौत हुई है।

देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में 431 लोग संक्रमित हैं और चार लोगों की मौत हुई है। दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश में 363 और कर्नाटक में 207 लोग संक्रमित हैं तथा छह-छह लोगों की मौत हुई है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 207 हो गयी है और चार लोगों की मौत हुुई है। गुजरात में 308 लोग संक्रमित हैं तथा 19 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे के दौरान गुजरात में 67 लोग संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा पंजाब में 11, पश्चिम बंगाल में पांच, हरियाणा में तीन तथा बिहार, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और असम में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।


विडियों समाचार