सपा विधायक अबू आजमी का विवादास्पद बयान, बोले- महाराष्ट्र में सुरक्षित नहीं मुस्लिम
महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी ने एक बार फिर हलचल तेज कर दी है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने महाराष्ट्र विधानसभा में ऐसा बयान दिया है, जिस पर सियासी विवाद खड़ा हो सकता है। अबू आजमी ने दावा किया कि महाराष्ट्र में मुस्लिम समुदाय खुद को असुरक्षित फील कर रहा है और हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि मुस्लिम लोगों के लिए सड़कों पर चलना भी परेशानी का सबब हो गया है।
महाराष्ट्र में मुस्लिम असुरक्षित- अबू आजमी
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने विधानसभा में विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम इस राज्य में असुरक्षित हैं। अब आजमी ने कहा कि आज मुसलमानों के लिए सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। दाढ़ी, कुर्ता-टोपी पहनकर निकलने वाले को कब कौन मार दे, कुछ कहा नहीं जा सकता।
सत्ता के लिए नफरत बढ़ाने का नतीजा भुगत रहे
अबू आजमी ने आगे कहा कि सत्ता के लिए नफरत बढ़ाने का नतीजा आज महाराष्ट्र भुगत रहा है। पुणे में इफ्तार कर रहे लोगों पर धारदार हथियारों से हमला, अकोला में सिर्फ देखने पर 17 साल के मासूम मवीश का कत्ल और नांदेड़ में ईद के दिन संदिग्ध मोटरसाइकिल ब्लास्ट- ये सभी घटनाएं बढ़ती नफरत को दिखाती हैं, जो हमारे समाज और देश को तोड़ रही हैं।
समाज में खत्म हुई सहनशीलता
सपा विधायक आजमी ने आगे कहा कि सहनशीलता खत्म होती जा रही है और कानून-व्यवस्था बहुत खराब हो चुकी है। मेरी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग है कि हेट क्राइम के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कदम उठाए जाएं। मुस्लिमों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी होती है कि वह प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा को सुनिश्चित करे और किसी भी समुदाय को डर के साए में जीने के लिए मजबूर नहीं होना पड़े।
