देवभूमि उत्तराखंड में जारी हैं निरंतर विकास कार्य: धामी

- सहारनपुर के देवबंद में धार्मिक कार्यक्रम को सम्बोधित करते उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
देवबंद [24CN]। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विगत आठ वर्षों से देश में धर्म और संस्कृति का खंडकाल शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा शासनकाल में प्राथमिकता के आधार पर धार्मिक स्थलों का सौंदर्यकरण कराया जा रहा है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज देवबंद में उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण राज्यमंत्री व क्षेत्रीय विधायक कुंवर बृजेश सिंह के आमंत्रण पर श्रीराम कथा में शिरकत करने आए थे। देवबंद पहुंचने पर राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह के नेतृत्व में भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जोरदार स्वागत किया गया।
श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार द्वारा विकास के नए आयाम स्थापित किए गए हैं और युद्धस्तर पर धार्मिक स्थलों के सौंदर्यकरण का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है जिसके सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा सरकार कृतसंकल्प है और निरंतर विकास कार्य कराए जाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बंद्रीनाथ व केदारनाथ के सभी मार्गों का चौड़ीकरण कराने का काम कराया जा रहा है ताकि चारधाम की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। करीब आधा घंटा रूकने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देवबंद से देहरादून के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी।