shobhit University Gangoh
 

शामली: ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश नाकाम

शामली: ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश नाकाम

शामली: जनपद के दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर दिल्ली से आ रही पैसेंजर ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश नाकाम हो गई। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने ट्रैक पर करीब 10 फीट लंबा सीमेंट का पाइप और 15 फीट लंबा लोहे का पाइप रख दिया था। साथ ही ट्रैक पर कई पत्थर भी मिले। लेकिन ट्रेन ड्राइवर ने समय रहते ब्रेक लगाकर एक बड़ा हादसा टाल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ट्रैक पर रखे भारी मलबे को हटाया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेन को दोबारा रवाना किया गया। ट्रेन में सवार सैकड़ों यात्रियों ने राहत की सांस ली।

ट्यूबवेल से उखाड़कर लाया गया था

पुलिस जांच में पता चला कि ट्रैक पर जो पाइप रखा गया था, वह पास के एक ट्यूबवेल से उखाड़ा गया था। लोहे का पाइप भी वहीं से लाकर पटरी पर रखा गया। इससे यह साफ हो गया कि घटना को किसी गहरी साजिश के तहत अंजाम देने की कोशिश की गई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही शामली एसपी रामसेवक गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन कैमरे के सामने कुछ भी कहने से बचते नजर आए। अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मीडिया के सवालों से कतराते दिखे।

फिलहाल रेलवे विभाग, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं। घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अब कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Jamia Tibbia